{"_id":"67febfb48a3e732c64013e83","slug":"anarchic-elements-uprooted-and-threw-away-the-statue-of-buddha-uproar-jhansi-news-c-11-1-jhs1032-534603-2025-04-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"Jhansi News: अराजक तत्वों ने उखाड़कर फेंकी बुद्ध की मूर्ति, हंगामा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Jhansi News: अराजक तत्वों ने उखाड़कर फेंकी बुद्ध की मूर्ति, हंगामा
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
गरौठा। तहसील के ग्राम बरारू में स्थित गौतम बुद्ध की मूर्ति को बीती रात कुछ अराजक तत्वों ने झाड़ियों में फेंक दिया। मंगलवार की सुबह जब गांव के लोगों को इसकी जानकारी हुई तो वे हंगामा करने लगे। बड़ी संख्या में मौके पर लोग इकट्ठा हो गए। सूचना पर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। बाद में झांसी से आनन-फानन नई मूर्ति लाकर स्थापित की गई। इसके बाद हंगामा शांत हुआ।
ग्राम बरारू में 25 साल पहले स्थानीय लोगों ने गौतम बुद्ध की मूर्ति की स्थापना की थी। छह साल पहले कुछ अराजक तत्वों ने प्रतिमा को खंडित कर दिया था। इस पर यहां नई मूर्ति की स्थापना की गई थी। अब एक बार फिर अराजक तत्वों ने गांव में लगी मूर्ति को निशाना बनाया। सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात अराजक तत्वों ने गांव के चबूतरे पर स्थापित मूर्ति को उखाड़कर गायब कर दिया। सुबह लोगों को चबूतरे पर मूर्ति नहीं दिखी तो उन्होंने खोजबीन शुरू कर दी। मूर्ति नाले के पास झाड़ियों में खंडित अवस्था में पड़ी मिली। इससे लोगों में आक्रोश फैल गया और वे हंगामा करने लगे। जानकारी होने पर भीम आर्मी के रणजीत सिंह, बसपा नेता लल्ला यादव पसौरा, सोनू विश्वकर्मा, आजाद समाज पार्टी के सोनू कुमार, ताराचंद्र भास्कर, पंचमलाल अहिरवार, प्रदीप भास्कर, राधेलाल, रोहित कुमार आदि समेत सैकड़ों की संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोप लगाया कि अराजक तत्व दलित वर्ग का अपमान कर रहे हैं, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान गांव के ही कुछ लोगों पर मूर्ति खंडित करने का आरोप लगाया। जानकारी होने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। देर शाम सीओ और प्रभारी निरीक्षक की मौजूदगी में चबूतरे पर नई मूर्ति की स्थापना की गई। तब जाकर लोगों का गुस्सा शांत हुआ। इस मामले में ग्राम बरारू निवासी रामदास ने गरौठा थाने में अराजक तत्वों के खिलाफ तहरीर दी है।
विज्ञापन
0000
घटना बेहद निंदनीय है। मूर्ति के साथ छेड़छाड़ करने वाले अराजक तत्वों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- राजेश कुमार राय, सीओ