झांसी। केंद्रीय राज्यमंत्री भानु प्रताप सिंह वर्मा ने शुक्रवार को दिशा बैठक की अध्यक्षता करते हुए केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने झांसी पेयजल योजना की लेटलतीफी पर गहरी नाराजगी जताते हुए तेजी लाने के निर्देश दिए। कहा कि काम को रात्रि में कराने के निर्देश दिए गए थे। जिससे यह प्रोजेक्ट समय पर पूरा हो सके लेकिन, इसके बाद भी काम में अपेक्षित तेजी नहीं आई। केंद्रीय राज्य मंत्री ने तय अवधि के भीतर काम पूरा कराने को कहा है।
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान अपात्रों को लाभ दिए जाने का मामला सामने आया। उनके सवाल पूछने पर अफसरों ने बताया कि 25 अपात्र चिन्हित करके उनकी किस्त रोक दी गई है। केंद्रीय मंत्री ने मनरेगा के जरिए अधिक से अधिक रोजगार दिए जाने को कहा। स्वयं सहायता समूह से बने उत्पादों को मार्केट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। समेकित विद्युत विकास योजना में भी गड़बड़ी मिलने पर विद्युत अभियंताओं को फटकार लगाई। कटेरा देहात के 15 मजरों के विद्युतीकरण न होने पर नाराजगी जताते हुए कार्य कराने का निर्देश दिया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष पवन कुमार गौतम, विधायक जवाहर राजपूत, एमएलसी रमा निरंजन, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, सीडीओ जुनैद अहमद, सीएमओ सुधाकर पांडेय समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।