अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन, लोगों ने दी शहीदों को श्रद्धांजलि
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कारगिल विजय दिवस के मौके पर शुक्रवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 28 लोगों ने रक्तदान कर कारगिल युद्ध में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सभी रक्तदाताओं को फाउंडेशन की ओर से प्रशस्ति पत्र भेंट किए गए।
जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में शिविर की शुरुआत सुबह नौ बजे हुई। इसके साथ ही देश प्रेम के जज्बे के साथ रक्तदाताओं का पहुंचना शुरू हो गया। ये सिलसिला अनवरत रूप से शाम चार बजे तक जारी रहा। वैसे तो सभी में होड़ थी रक्तदान कर कारगिल युद्ध में शहीद हुए अमर शहीद जवानों को रक्तदान कर सच्ची श्रद्धांजलि देने की। लेकिन, सबसे ज्यादा उत्साहित युवा नजर आए।
एक के बाद महिला, पुरुष और बुजुर्गों ने सिलसिलेवार ढंग से रक्तदान किया। जबकि, तमाम लोग ऐसे भी रहे, जिनका स्वास्थ्य कारणों से रक्त नहीं लिया गया, लेकिन उनके जज्बे को सभी ने सलाम किया।
ब्लड बैंक की टीम का रहा सहयोग
रक्तदान शिविर में जिला अस्पताल की ब्लड बैंक की टीम का पूरा सहयोग रहा। डा. एसके गुप्ता, डा. पीके कंसोरिया समेत आरएस चंदेल, गौरव गुप्ता, सौरभ गुप्ता, अपूर्वा राजपूत, राहुल वर्मा, वैशाली गुप्ता और डीपी कुटाल रक्तदान करने आने वाले लोगों को प्रोत्साहित करते नजर आए। इस दौरान उन्होंने रक्तदान को लेकर लोगों की भ्रांतियों को भी दूर किया।
सहयोगी बनीं संस्थाएं
सनशाइन क्लब की ओर से अमन अग्रवाल और रूपक कनौडिया ने रक्तदान किया। इस दौरान संस्था के अध्यक्ष डा. एमके अग्रवाल, सचिव नवीन श्रीवास्तव, लखन अग्रवाल, वैदेहीशरण सरावगी, श्याममुरारी अग्रवाल आदि ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें संस्था की ओर से प्रशस्ति पत्र भेंट किए। वहीं, संस्था विंग्स जीवन की एक नई उड़ान की शैफाली गोस्वामी समेत समाजसेवी सुदर्शन शिवहरे व मुकेश सिंघल ने भी शिविर में सहयोग किया।