बगैर आधार अब नहीं मिलेगी छात्रवृत्ति व्यवस्था में बदलाव, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने जारी किए निर्देश झांसी। अल्पसंख्यक वर्ग को मिलने वाली छात्रवृत्ति व्यवस्था में इस बार आधार नंबर को अनिवार्य कर दिया गया है। नई व्यवस्था में जिनके बैंक खातों के साथ आधार संख्या लिंक नहीं होंगे उनको छात्रवृत्ति का लाभ नहीं मिल सकेगा। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की ओर से इस संबंध में नए निर्देश जारी किए गए हैं। अल्पसंख्यक वर्ग के छात्रों को कक्षावार छात्रवृत्तियां दी जाती हैं। अभी तक छात्रवृत्ति लेने के लिए आधार कार्ड नंबर दर्ज कराए जाते थे लेकिन, उनको अनिवार्य नहीं किया गया था लेकिन, इस बार सिर्फ उन्हीं छात्रों को छात्रवृत्ति देने की व्यवस्था बनाई गई है जिनके आधार एवं बैंक खाते लिंक होंगे। छात्रों का ऑनलाइन वेरीफिकेशन कराया जाएगा। इस प्रक्रिया में छात्रों के नाम, पिता-पति का नाम के सत्यापन के बाद उनके मोबाइल पर ओटीपी भेजा जाएगा। इस ओटीपी को आवेदन पत्र में भरने के बाद ही आवेदन जमा हो सकेगा। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अमित सिंह के मुताबिक इस प्रक्रिया में शामिल होने वाले छात्रों के लिए आधार अनिवार्य होना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस बार की प्रक्रिया के मुताबिक आधार कार्ड में अंकित नाम एवं हाईस्कूल प्रमाण पत्र में नाम, जन्मतिथि आदि एक समान होनी चाहिए। आधार एवं बैंक से लिंक कराने का काम भी आवेदन से पहले पूरा कराना होगा।