कोरोना से मौत के संबंध में भ्रामक वीडियो बनाने वाले यूट्यूबर को मिली जमानत, जौनपुर पुलिस ने चेन्नई से किया था गिरफ्तार
जौनपुर जिले का निवासी मनमोहन मिश्रा चेन्नई में रहता है। वह अपना यूट्यूब चैनल भी चलाता है। आरोपी ने अपने वीडियो में दावा किया था कि कोरोना की तीसरी लहर में हर घर से तीन-तीन लोगों की मौत होगी। इतना ही नहीं, एक ऐसा रेडिएशन छोड़ा जाएगा, जिससे देश में 54 करोड़ लोगों की मौत होगी।
विस्तार
कोविड-19 के संबंध में यूट्यूब पर भ्रामक जानकारी साझा करने वाले शख्स को बुधवार को 50-50 हजार के दो निजी मुचलके पर दीवानी कोर्ट से जमानत मिल गई है। आरोपी को जौनपुर जिले की पुलिस ने चेन्नई से गिरफ्तार किया था। बीते सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे दो दिन के लिए न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया था।
जौनपुर जिले के सुरेरी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी मनमोहन मिश्रा चेन्नई में कारोबार करता है। वह अपना यूट्यूब चैनल भी चलाता है। पिछले दिनों उसने अपने यूट्यूब चैनल पर कोविड महामारी को लेकर भ्रामक वीडियो अपलोड किया था। आरोपी ने अपने वीडियो में दावा किया था कि कोरोना की तीसरी लहर आने वाली है।
इस दौरान हर घर से तीन-तीन लोगों की मौत होगी। इतना ही नहीं, एक ऐसा रेडिएशन छोड़ा जाएगा, जिससे देश में 54 करोड़ लोगों की मौत होगी। वीडियो को बहुत से लोगों ने साझा किया जो वायरल हो गया। शहर कोतवाल संजीव मिश्रा ने स्वत: संज्ञान में लेकर केस दर्ज कर यूट्यूबर की तलाश शुरू की थी।
पता चला कि वह चेन्नई में है। यहां से चेन्नई गई पुलिस टीम उसे गिरफ्तार कर जौनपुर ले आई थी। इस संबंध में उन्होंने बताया कि आरोपी को कोर्ट से बुधवार को 50-50 हजार के दो निजी मुचलके पर जमानत मिल गई है।
नकली सीमेंट बेचने के आरोप में दो पर केस
बदलापुर थाने की पुलिस ने नकली सीमेंट बेचने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई एक सीमेंट कंपनी के विक्रय अधिकारी राम प्रसाद मिश्र की तहरीर पर की है। कंपनी के विक्रय अधिकारी रामप्रसाद मिश्र की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में कहा गया है कि बदलापुर कस्बे के महराजगंज रोड स्थित एक एजेंसी के प्रोप्राइटर निर्भय सिंह ने उन्हें सूचना दी कि सरोखनपुर गांव निवासी संजय सिंह ने कंपनी का सीमेंट शोभित जायसवाल के यहां से खरीद कर अपने मकान का पिलर व दीवार का निर्माण कराया था।
निर्माण के कुछ दिन बाद ही पिलर जर्जर होकर गिरने लगा। इससे सीमेंट की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगा। इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कंपनी की टीम जांच करने बदलापुर में सीमेंट विक्रेता के यहां पहुंची तो पता चला कि उनके गोदाम में रखा गया सीमेंट नकली है। पूछताछ में दुकानदार ने बताया कि उन्होंने सीमेंट विनय पांडेय निवासी पट्टी प्रतापगढ़ से लिया है।
प्रभारी निरीक्षक विनोद मिश्रा ने बताया कि विक्रेता शोभित जायसवाल निवासी बदलापुर, विनय पांडेय निवासी पट्टी प्रतापगढ़ के खिलाफ नकली सीमेंट बेचने में मुकदमा पंजीकृत कर मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि इलाके के कुछ और दुुकानदारों के यहां नकली सीमेंट बेचे जाने की सूचना मिली है। इसकी छानबीन की जा रही है।