लखनऊ-बलिया हाइवे पर सरपतहां थाना क्षेत्र के अमारी गांव के पास बृहस्पतिवार को शाम करीब पांच बजे दो बाइकों की टक्कर हो गई। इस हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों बाइक सवारों में से किसी ने हेलमेट नहीं पहना था। घायलों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सरपतहां थाना क्षेत्र के अढ़नपुर गांव निवासी उरफान (25) और इसी गांव के वकील (35) एक ही बाइक से शाहगंज की तरफ जा रहे थे। वे शाम को करीब पांच बजे अमारी गांव स्थित हनुमान मंदिर के निकट पहुंचे थे, तभी सामने से आ रहे बाइक सवार से आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में उरफान और वकील के अलावा दूसरी बाइक पर सवार कृष्ण कुमार बरनवाल (35) निवासी कोइरीपुर सुल्तानपुर और अंकित कुमार (25) निवासी कादीपुर सुल्तानपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सीएचसी सुइथाकला पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने उरफान को मृत घोषित कर दिया। अन्य तीनों घायलों की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक सरपतहां श्रीप्रकाश राय ने बताया कि दोनों बाइक सवारों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था।