जौनपुर में युवक की सिर कूंचकर हत्या, शव जलाने का प्रयास, चंदौली में सो रहे युवक को मारी गोली
एएसपी सिटी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि हत्या कहीं और कर शव फेंका गया है। मृतक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। वाराणसी पुलिस की भी मदद ली जा रही है।
विस्तार
जौनपुर में केराकत कोतवाली क्षेत्र के सोहनी गांव में अज्ञात युवक की ईंट से सिर कूंचकर हत्या कर दी गई। शव को जलाने का भी प्रयास किया गया था। पुलिस घटना के कारण और मृतक के शिनाख्त की कोशिश में लगी रही लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। उधर, चंदौली में कंदवा क्षेत्र के अरंगी गांव में सोमवार की भोर में बदमाशों ने दरवाजे पर सो रहे युवक को गोली मार दी।
उसे जिला अस्पताल से ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच चल रही है। जौनपुर में सोमवार की अल सुबह टहलने निकले ग्रामीणों की नजर सोहनी गांव के पास महेंद्र सिंह के खेत में एक लाश पड़ी। सूचना पुलिस को दी गई। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। मृतक की उम्र लगभग 40 साल थी, शरीर पर ईंट से कई वार किए गए थे।
शायद पहचान छिपाने के लिए युवक के चेहरे पर कई वार हुए थे। शरीर पर काले रंग की पैंट, पीली रंग की शर्ट थी। हाथ में घड़ी और गले में सोने की चेन थी। आशंका जताई गई कि हत्या कहीं और कर शव को खेत में लाकर फेंक दिया गया। हत्यारों ने खेत में ही शव जलाने का प्रयास किया था। शव के पास खून से सनी तीन-चार ईंट पड़ी थीं।
वहीं, पुलिस मृतक की शिनाख्त की कोशिश में दिनभर लगी रही। फोरेंसिक टीम के साथ डॉग स्क्वायड की टीम भी मौके पर पहुंची लेकिन, किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। एएसपी सिटी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि हत्या कहीं और कर शव फेंका गया है। मृतक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। वाराणसी पुलिस की भी मदद ली जा रही है।
चंदौली: घर में सो रहे युवक को मारी गोली
चंदौली में कंदवा क्षेत्र के अरंगी गांव निवासी शिवकुमार प्रजापति का पुत्र मनोज कुमार प्रजापति (39) रविवार की रात अपने दरवाजे पर सो रहा था। परिजनों के अनुसार भोर में लगभग तीन बजे बदमाशों ने उस पर फायर झोंक दिया गया। गोली युवक के हाथ में लगी है। गोली की आवाज और चीख सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को सूचना देते हुए घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां
उसकी हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। इलाज के बाद युवक खतरे से बाहर बताया जा है। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक हरिश्चंद्र सरोज ने प्रारंभिक छानबीन के बाद परिजनों से पूछताछ की। युवक को गोली किसने व क्यों मारी इसका पता नहीं चल पाया है। बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। पुलिस कई बिंदुओं पर जांच-पड़ताल कर रही है।