जौनपुर। सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र के अतरही गांव में बुधवार को सुबह युवक ने तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर लिया। युवक के पिता की दस दिन पहले हार्ट अटैक से मौत हो गई थी और वह कर्ज के तले दबा था, जिससे तनाव में था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जिस असलहे से युवक ने गोली मारी थी, उसे भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
अतरही गांव निवासी मोहम्मद सलीम (30) पुत्र स्वर्गीय मोहम्मद हाशिम बुधवार सुबह अपने मकान की छत पर गए। थोड़ी देर बाद ही गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार के लोग दौड़कर छत पर पहुंचे तो वहां सलीम छटपटा रहे थे। परिवार के लोग उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, इसी बीच उनकी मौत हो गई। सलीम किसानों से गल्ला खरीदकर व्यापार करते थे। उनके पिता की दस दिन पहले हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। उधर, पिता की मौत और इधर कर्ज चुकाने के दबाव से वह काफी तनाव में थे। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक बुधवार को सुबह भी कुछ लोग घर पर आए थे और कर्ज चुकाने का दबाव बना रहे थे। वह दरवाजे से घर की छत पर गए, जहां कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक सरायख्वाजा जगदीश कुशवाहा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष का कहना है कि जिस असलहे से युवक ने आत्महत्या की ह,ै उसे भी कब्जे में ले लिया गया है।