जौनपुर। जिले के कई इलाकों में शनिवार को झमाझम बारिश हुई। जिसके चलते लोग दिन भर घरों में बैठे रहे। बरसठी थाना क्षेत्र के भटकैया हरद्वारी गांव में बिजली गिरने से महिला की मौत हो गई। पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली और आर्थिक सहायता मुहैया कराने का आश्वासन दिया। बारिश के चलते दिन भर जन जीवन अस्त-व्यस्त रहा।
निगोह: बरसठी क्षेत्र के भटकैया (हरद्वारी) गांव की एक महिला की शनिवार को बिजली की चपेट में आने मौत हो गई। गांव निवासी राजकुमारी (54) पत्नी समर बहादुर यादव शनिवार को सुबह 11 बजे दिन में अपने घर से तीन सौ मीटर दूर गाय को चराने गई थी। उसी समय तेज आवाज के साथ बिजली की चपेट में आ गई। जिससे मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। उधर घटना की सूचना पर मौके पर सीओ अशोक सिंह, थाना प्रभारी दिनेश कुमार के साथ राजस्व निरीक्षक जय प्रकाश उपाध्याय पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गए। मृतका के तीन पुत्र अजय, विजय और संजय का रो-रोकर बुरा हाल है। इलाके में हुई बारिश से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। हालांकि बारिश होने के बाद किसान खेतों की तरफ रुख कर लिए हैं। बारिश के बाद उमस भरी गर्मी से भी लोगों को राहत मिली है।