जौनपुर : पहले खाना नहीं मिलने पर की थी सब्जी कारोबारी की हत्या, आरोपी ने किया खुलासा
जौनपुर जिले के महराजगंज क्षेत्र के कलिंजरा क्रासिंग के पास तीन अगस्त को सब्जी विक्रेता सचिन सिंह की हत्या पहले खाना नहीं मिलने पर स्कार्पियो सवार मनबढ़ों ने गोली मारकर की थी। चरियाही पुलिया के पास से मंगलवार को हुई एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूरा मामला सामने आया है। पुलिस ने मनबढ़ों की स्कार्पियों बरामद कर ली है।
क्षेत्र के गौराकला गांव निवासी सब्जी विक्रेता सचिन सिंह उर्फ कल्लू तीन अगस्त की रात में ज्ञानी ढाबा बदलापुर से दोस्तों के साथ खाना खाकर लौटते समय रात 11 बजे कलिंजरा क्रासिंग के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या स्कार्पियों सवार बदमाशों ने की थी।
सचिन के पिता ने तीन बदमाशों के खिलाफ नामजद केस दर्ज कराया था। मंगलवार को एसओ अरुण कुमार मिश्रा ने मुखबिर की सूचना पर क्षेत्र के चरियाही पुलिया के पास से आरोपी पुष्पेंद्र उर्फ बंटी निवासी पट्टी दयाल को गिरफ्तार किया।
उससे सफेद रंग की स्कार्पियों बरामद की गई। दावा है कि हत्याकांड में इसी वाहन का इस्तेमाल किया गया था। पूछताछ में पुष्पेंद्र ने पुलिस को बताया कि ढाबे पर वेटर ने उन लोगों को पहले खाना न देकर सचिन को दे दिया था। इसी बात पर उससे एवं उसके साथियों से विवाद हो गया था। सभी लोग शराब के नशे में थे। गुस्से में सचिन की गोली मारकर हत्या कर दी थी।