UP Chunav 2022: पहली बार जौनपुर पहुंचीं प्रियंका, रोड शो में उमड़ी भारी भीड़, छतों से पुष्प वर्षा
जौनपुर जिले की नौ विधानसभा को साधने के लिए प्रियंका गांधी ने शनिवार को रोड शो किया। घरों की छतों से लोग प्रियंका गांधी की झलक देखने के लिए लोग उत्सुक नजर आए।
विस्तार
सातवें चरण के चुनाव प्रचार के अंतिम दिन कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पहली बार जौनपुर पहुंचीं। जिले की नौ विधानसभा को साधने के लिए प्रियंका गांधी ने रोड शो किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और दीपेंद्र हुड्डा भी उनके साथ रहे। घरों की छतों से लोग प्रियंका गांधी की झलक देखने के लिए लोग उत्सुक नजर आए।
हालांकि प्रियंका को रोड शो बीच रास्ते में ही छोड़कर जाना पड़ा। इससे जगह-जगह उनके स्वागत में खड़े लोगों को मायूस लौटना पड़ा। हालांकि उनके स्थान पर राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा ने रोड शो की कमान संभाली, लेकिन समर्थकों की संख्या कम होने पर उन्होंने भी इसे तय स्थान से पहले ही समाप्त करा दिया।
शनिवार को प्रियंका गांधी ने शक्ति प्रदर्शन करने का कार्यक्रम बनाया था। इसके लिए सुबह से ही तैयारी चल रही है। सभी विधानसभा क्षेत्रों से पार्टी के नेता-कार्यकर्ता जुट रहे थे। प्रियंका गांधी दोपहर 2.10 बजे हेलीकाप्टर से राज कालेज के मैदान में पहुंची। इसके बाद रोड शो में शामिल हुई।
जौनपुर जंक्शन से बीच शहर होते हुए कोतवाली, चहारसू, शाहीपुल, ओलंदगंज होते हुए जेसीज चौराहा तक उनको जाना था। रोड शो में प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा भी रहे। शहर में जगह-जगह प्रियंका गांधी का स्वागत किया गया।
घरों की छतों से लोग प्रियंका गांधी को देखने के लिए उत्सुक नजर आए। लेकिन, चहारसू चौराहे के पास पहुंचते-पहुंचते प्रियंका गांधी की गाड़ी साइड करा दी गई। पता चला कि वह अब यहां से चली जाएंगी। इससे रोड शो में शामिल लोग निराश हो गए। अधिकांश नेता-कार्यकर्ता ओलंदगंज से ही वापस हो गए।
इसके बाद दीपेंद्र हुड्डा ने कमान संभाली, लेकिन कार्यकर्ताओं की कम संख्या देखते हुए रोड शो जेसीज चौराहे से पहले ही समाप्त कर दी गई। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष फैसल हसन तबरेज ने कहा कि पांच बजे गोरखपुर से फ्लाइट थी। विलंब होने के चलते प्रियंका गांधी चली गई। हालांकि, दो घंटे तक वह जनपद में थीं।