जौनपुर: पेट्रोल पंप पर डकैती में शामिल दो इनामी बदमाश गिरफ्तार, फिल्मी अंदाज में वारदात को दिया था अंजाम
जौनपुर जिले के महराजगंज के धनदेई पेट्रोल पंप पर 14 मई को दिनदहाड़े दो बाइक से आए पांच बदमाशों ने पेट्रोल पंप के कर्मियों को असलहे से आतंकित कर उनके पास मौजूद रुपये से भरा बैग लूट लिया था। सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था।
विस्तार
जौनपुर जिले के महराजगंज के धनदेई पेट्रोल पंप पर 14 मई को दिनदहाड़े हुई डकैती के मामले में पुलिस ने दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित है। एसटीएफ लखनऊ की मदद से महराजगंज और सिंगरामऊ थाने की संयुक्त पुलिस टीम को हरिहरपुर नहर के पास से यह सफलता मिली। इस वारदात में शामिल एक बदमाश पहले ही गिरफ्तार हो चुका है।
दूसरे बदमाश को एसटीएफ ने रविवार को लखनऊ में दबोचा था। अब सिर्फ एक बदमाश की गिरफ्तारी बाकी है। पुलिस का दावा है कि उसे भी शीघ्र दबोच लिया जाएगा। महराजगंज के धनदेई पेट्रोल पंप पर 14 मई को दिनदहाड़े दो बाइक से आए पांच बदमाशों ने पेट्रोल पंप के कर्मियों को असलहे से आतंकित कर उनके पास मौजूद रुपये से भरा बैग लूट लिया था। सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था।
एसपी राजकरन नय्यर, एएसपी ग्रामीण त्रिभुवन सिंह समेत कई अफसरों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी का भरोसा दिया था। बदलापुर सीओ के नेतृत्व में पांच टीमें गठित की गई थी। घटना में शामिल एक बदमाश अनिल पाल को सबसे पहले गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर उसके चार अन्य साथियों की पहचान हुई है। पुलिस ने उन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। रविवार को एसटीएफ ने लखनऊ के विभूतिखंड से एक बदमाश विश्वजीत उर्फ जीतू जायसवाल को गिरफ्तार किया था।
सोमवार को हरिहरपुर नहर पुलिया के पास से सिंगरामऊ और महराजगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने एसटीएफ के साथ मिलकर वारदात में शामिल चंदन जायसवाल निवासी तुरकौली थाना आसपुर देवसरा जिला प्रतापगढ़ और बालजीत यादव उर्फ विधायक निवासी सोनावा थाना चांदा जिला सुल्तानपुर को गिरफ्तार किया। उनके पास से एक तमंचा, दो कारतूस, चोरी की बाइक, मोबाइल और नकदी बरामद हुआ।
एएसपी ग्रामीण त्रिभुवन सिंह ने बताया कि इस वारदात में शामिल श्याम यादव अभी भी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एएसपी ने बताया कि बदमाशों ने पेट्रोल पंप पर डकैती में जिस बाइक का इस्तेमाल किया था वह चोरी की थी। इसे चंदन ने सिंगरामऊ से चोरी की थी। वह पहले भी लूट-चोरी के मामलों में शामिल रहा है।
पहले दर्ज था लूट का मुकदमा, बाद में डकैती में बदला
पेट्रोल पंप पर लूट के वक्त पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज किया था। उनकी दलील थी कि वारदात में दो बाइक पर चार बदमाश ही थे। सीसीटीवी फुटेज की जांच में बाइक पर बदमाश नजर आए थे। इसके आधार पर मुकदमे को डकैती में तब्दील किया गया। वारदात में शामिल एक बदमाश के पकड़े जाने के बाद अन्य चारों की पहचान कर इनाम घोषित किया गया था।
ऐसे दिया था लूट की वारदात को अंजाम
लखनऊ में गिरफ्तार विश्वजीत उर्फ जीतू जायसवाल शातिर अपराधी है। वह ट्रेनों में लूटपाट करता रहा है। उसके विरुद्ध कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार चंदन और बालजीत ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि सभी ने पेट्रोल पंप पर लूट की योजना अचानक बनाई थी और कुछ घंटे बाद ही इसे अंजाम भी दे दिया। जीतू ने पुलिस को बताया कि उसने 14 मई को अपने साथियों के साथ पंप पहुंच कर पहले हवाई फायर किया और फिर पैसों से भरा बैग लेकर फरार हो गया। फरारी के दौरान पैसे खत्म हो गए। अब दोबारा डकैती की योजना बना रहे थे, तभी एसटीएफ ने दबोच लिया।