थाना क्षेत्र के उदपुर गांव निवासी एक अधेड़ ने शनिवार की रात कीटनाशक दवा खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के कमरे से चार पेज का सुसाइड नोट लिखा मिला है। जिसमें उसने उदपुर गांव के ही दो लोगों पर सूद सहित पैसा नहीं लौटाने पर आत्महत्या करने के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है।
उदपुर गांव निवासी बिंद्रा प्रसाद गुप्ता (58) की मौत के बाद उसके कमरे से चार पेज का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें गांव निवासी संदीप सिंह उर्फ टिटू पुत्र केदारनाथ सिंह और नूर आलम पुत्र सलीम से ब्याज पर कुछ पैसा लेने की बात कही गई है। साथ ही लिखा गया है कि पैसा देने वाले पैसा लौटाने के लिए दबाव बना रहे थे और जान से मारने की धमकी दे रहे थे। इससे क्षुब्ध होकर बिंद्रा प्रसाद ने आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मृतक के पुत्र अमन गुप्ता की तहरीर पर दो आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धारा में मुकदमा पंजीकृत कर मामले की जांच पड़ताल कर रही है। इस संबंध में थाना प्रभारी रामविलास ने बताया कि मृतक के पुत्र ने तहरीर दी है, जिसमे गांव के ही दो लोगों के ऊपर आरोप लगाया गया है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।