एक महीने के अंदर 50 लाख की चोरी: फौजी का छलका दर्द, पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
जौनपुर के केराकत कोतवाली क्षेत्र में एक महीने के अंदर करीब 50 लाख रुपये की चोरी हुई है। एक भी चोरी का खुलासा करने में पुलिस असफल रही है। देश की सेवा में समर्पित फौजी अविनाश सिंह पुलिस अधीक्षक से मिलकर पुलिस पर आरोप लगाते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है।
विस्तार
जौनपुर के केराकत कोतवाली क्षेत्र में एक महीने के अंदर करीब 50 लाख रुपये की चोरी हुई है। एक भी चोरी का खुलासा करने में पुलिस असफल रही है। पीड़ितों का आरोप है कि पुलिस तहरीर बदलवाकर मुकदमा दर्ज कर रही है। इसमें आम आदमी के साथ देश की सेवा में समर्पित फौजी अविनाश सिंह के परिवार के साथ भी यही हुआ, हालांकि फौजी ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर पुलिस पर आरोप लगाते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है।
केराकत कोतवाली क्षेत्र के सरौनी पश्चिम पट्टी निवासी अविनाश सिंह फौजी हैं। वो वर्तमान में सिकंदराबाद में कार्यरत हैं। अविनाश सिंह ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर पत्रक देते हुए कहा कि मेरे घर से बीते 15 मई को चोरों ने 11.70 लाख चोरी कर लिया। थाने में मेरी तहरीर पर मुकदमा न दर्ज करके पुलिस ने तहरीर बदलवाकर लिखा।
इसमें अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। एक फौजी से इस तरह का व्यवहार डरावना है। मैं अब तक 20 बार प्रभारी निरीक्षक केराकत से मिल चुका हूं। वहीं अगर केराकत क्षेत्र में देखा जाए तो मई माह में चोरों ने पांच चोरियों को अंजाम दिया है।
ये भी पढ़ें: बच्चा चोर गिरोह के पांच और आरोपी झारखंड से गिरफ्तार, प्रयागराज और मिर्जापुर से अगवा बच्चे बरामद
पहली चोरी कोतवाली से 50 मीटर की दूरी पर गणेश चौरसिया की दुकान पर हुई, जहां चोरों ने पीछे का दरवाजा तोड़कर दुकान से सामान व नकदी उठा ले गए। इसके बाद 12 मई की रात अमिहित में विवेक सिंह के घर से 20 लाख की चोरी, 15 मई को सरौनी पश्चिम पट्टी में अविनाश सिंह के घर से 11.70 लाख की चोरी, 18 मई को तरियारी में शिक्षक अशोक पाल के घर से 50 हजार नकदी सहित तीन लाख के आभूषण, 19 मई को बगही सरावां के सुरेंद्र यादव के 90 हजार नकदी सहित तीन लाख के आभूषण चुराए, वहीं गुलाब यादव के घर से चोरी में असफल होने पर ईंट से मारकर घायल कर दिया।
इस बाबत प्रभारी निरीक्षक केराकत जयप्रकाश यादव ने कहा कि खुलासे का प्रयास किया जा रहा है। लोग तहरीर बदलवाने का आरोप लगाते रहते हैं। कुछ ही नकदी व गहने चोरी हुए हैं।