जौनपुर। विभीषिका स्मृति दिवस पर मौन जुलूस निकाला गया। विकास भवन स्थित क्रांति स्तंभ से शुरू होकर शाही पुल, चहारसू चौराहा होते हुए शाही किला समापन किया गया। शाही किला प्रांगण में विभाजन से जुड़े अभिलेख तथा पुस्तकों की प्रदर्शनी लगाई गई।
मुख्य अतिथि राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि देश का विभाजन किसी विभीषिका से कम नहीं था। देश के दो टुकड़ों में बंट जाने का दर्द आज भी लाखों परिवारों में एक गहरे जख्म की तरह है। भारत के इस भौगोलिक बंटवारे ने देश के लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक तथा मानसिक रूप से झकझोर दिया था। विभाजन की विभीषिका स्मृति दिवस प्रभावित हुए लाखों लोगों श्रद्धांजलि दी। एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंशु ने विभाजन की विभीषिका में शहीद हुए विभिन्न धर्म, जाति के लोगों को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि दी। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि भारत-विभाजन के दौरान लाखों निर्दोष नागरिकों ने अपनी जान गंवाई और करोड़ों नागरिकों को अमानवीय पीड़ा झेलनी पड़ी। भाजपा जिला अध्यक्ष पुष्पराज सिंह, पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह, सीडीओ सीलम साई तेजा, डीडीओ बीबी सिंह, परियोजना निदेशक जयकेश त्रिपाठी , जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी आरडी यादव आदि मौजूद थे।