सड़क हादसे में दो की मौत: तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार युवकों का रौंदा, परिजनों ने आजमगढ़-वाराणसी मार्ग किया जाम
जौनपुर के बजरंग नगर बाजार में तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई है। आक्रोशित परिजनों ने वाराणसी-आजमगढ़ रोड को जाम कर दिया।
विस्तार
जौनपुर जिले के बजरंग नगर बाजार के पास शुक्रवार दोपहर रफ्तार का कहर नजर आया। प्राइवेट बस ने बाइक को रौंद दिया। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने वाराणसी-आजमगढ़ रोड जाम कर दिया। करीब दो घंटे बाद पुलिस ने जाम खुलवाया।
चंदवक थाना क्षेत्र के मूर्खा गांव निवासी शिव कुमार (35) और सेनापुर गांव निवासी सर्वजीत राम (45) दोपहर करीब एक बजे बजरंग नगर बाजार से बाइक से घर जा रहे थे। बाजार के उत्तरी छोर पर वाराणसी से आजमगढ़ की और जा रही तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने बाइक को पीछे रौंद दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना पर मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन दुर्घटनास्थल पर पहुंचे। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने रास्ता जाम कर दिया। जिससे आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर आवागमन बाधित रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया। साथ ही परिजनों को समझाबुझाकर शांत कराया और जाम खुलवाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।
पढ़ेंः पुलिस की गोली से घायल 25 हजार का इनामिया गिरफ्तार, साथी फरार, दरोगा की बाल-बाल बची जान
दुर्घटना में घायल युवक ने अस्पताल में तोड़ा दम
सड़क दुर्घटना में घायल नडार गांव निवासी सत्येंद्र सिंह चौहान (36) की शुक्रवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। बीते 28 जनवरी को वह बाइक की आमने-सामने की टक्कर में बुरी तरह से घायल हो गया था। घटना में सत्येंद्र के सिर में गंभीर चोट लगी थी। प्रयागराज के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था। शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान उसीकी मौत हो गई । मौत की खबर सुनते ही घर व गांव मे सन्नाटा पसर गया।