Jaunpur: तेज रफ्तार के कहर से थम गईं मां-बेटे सहित चार लोगों की सांसें, दो लोग लड़ रहे जिंदगी की जंग
जौनपुर जिले में हेलमेट न लगाने और ओवरटेक करने की होड़ में बाइक सवार मां-बेटे की जान चली गई। वहीं दूसरी घटना तेज रफ्तार के चलते हुई। जिसमें पिकअप चालक ने कॉलेज जा रहे छात्र को कुचल दिया।
विस्तार
यूपी के जौनपुर जिले में अलग-अलग मार्ग दुर्घटनाओं में मां-बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई। घटना की प्रमुख वजह तेज रफ्तार व ओवरटेक करने की होड़ रही। मुफ्तीगंज में ओवरटेक करने के चक्कर में मां-बेटे की जान गई और एक किशोरी घायल हो गई, जबकि केराकत में गिरकर और शाहगंज में पिकपअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पीड़ित परिवार में कोहराम मचा रहा।
गाजीपुर जिले के सौना गांव निवासी विजय यादव की पत्नी कुसुम (40) का मायका मुफ्तीगंज क्षेत्र के कटहरी गांव में है। मायके में रविवार को शादी है। शादी में शामिल होने के लिए वह अपने बेटे अमन (17) को लेकर आई थी। शुक्रवार शाम को अपनी बहन की बेटी गुड़िया(14) को दवा दिलवाने अमन के साथ बाइक से मुफ्तीगंज गई थी।
मातम में बदलीं शादी की खुशियां
शाम करीब सात बजे लौटते समय बाजार में जौनपुर से केराकत की तरफ जा रहे ट्रक को अमन ओवरटेक कर रहा था। इस दौरान बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में बेटा अमन और मां कुसुम की मौके पर मौत हो गई। गुड़िया गंभीर रूप से घायल हो गई। चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। शादी वाले घर में मातम पसर गया।
ये भी पढ़ें: घरों में दौड़ा हाई वोल्टेज करंट, युवक की मौत, दो झुलसे, लाखों के उपकरण भी जले
कॉलेज जा रहे छात्र की हादसे में मौत
शाहगंज नगर के पुराना चौक मोहल्ला निवासी विवेक मोदनवाल (22) बाइक से अपने एक साथी के साथ पॉलिटेक्निक कॉलेज कलान जा रहा था। आजमगढ़ जिले के पुलसराय बाजार के समीप जौनपुर-फैजाबाद मार्ग पर पीछे से आ रही पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में विवेक की मौके पर ही मौत हो गई। दोस्त घायल हो गया। परिजनों में कोहराम मच गया।
केराकत कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में गुरुवार देर रात बाइक अनियंत्रित होने से युवक की गिरकर मौत हो गई। मुरकी निवासी मोहमद आलम ऊर्फ भयंकर(35) पुत्र मोहम्मद रफीक किसी कार्य से देवगांव आजमगढ़ जा रहे थे। केराकत के सुल्तानपुर गांव के पास सड़क पर हुए गड्ढे से बाइक अनियंत्रित होकर गिरने से उसकी मौत हो गई। रफीक की दो संतान हैं।