जौनपुर में बोले बाबू सिंह कुशवाहा: जाति-धर्म के नाम पर वोट लेकर जनता को ठगा गया, सपा-बसपा पर साधा निशाना
बाबू सिंह कुशवाहा ने कहा अपने संबोधन में कहा कि बसपा अब कांशीराम के विचारों को छोड़कर चल रही है। दूसरी ओर सपा पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, दलितों का वोट पाकर सरकार में जब आई थी तो समाजवाद भूल गई।
विस्तार
जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबू सिंह कुशवाहा ने कहा कि गरीबों, पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों को किसी भी सरकार में आगे बढ़ने का मौका नहीं मिला। सिर्फ जाति-धर्म के नाम पर वोट लेकर जनता को ठगा गया है। आजतक पिछड़ों का विकास नहीं हुआ। वह रविवार को जौनपुर जिले के शीतला चौकियां चौराहे पर आयोजित भाईचारा सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
बसपा सरकार में मंत्री रहे बाबू सिंह कुशवाहा ने कहा कि बसपा अब कांशीराम के विचारों को छोड़कर चल रही है। दूसरी ओर सपा पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, दलितों का वोट पाकर सरकार में जब आई थी तो समाजवाद भूल गई। वह सिर्फ कुछ लोगों की सरकार बन कर रह गई। जितनी भी नौकरियां दी गईं अपने लोगों को चुनकर दी गई।
उनमें निषाद, दलित, राजभर आदि लोगों का पता ही नहीं चला। उन्होंने कहा कि इस समय प्रदेश में बच्चियों से यौन अपराध फिर उनकी हत्या की घटनाएं बढ़ी हैं। दलितों, पिछड़ों, गरीबों, अल्पसंख्यकों के साथ ही अधिकतर ऐसी घटनाएं हो रही हैं। थानों पर लोगों की सुनवाई नहीं हो रही है।
सरकार सभी संस्थाओं को बेच रही है। अध्यक्षता रमेश निषाद ने की। इस दौरान कार्यक्रम संयोजक विवेक मौर्य रहे। सम्मेलन में विजय नारायन वर्मा, सुषमा मौर्य, ज्ञान प्रकाश मौर्य आदि मौजूद रहे।