फैसला: 45 साल से अधिक उम्र के लोगों का ऑनलाइन पंजीकरण कराए बिना टीकाकरण नहीं, इस दिन से बदलेगा नियम
उत्तर प्रदेश के जौनपुर में प्रशासन ने लिया फैसला।
अचानक टीका की मांग बढ़ने और इसकी बर्बादी रोकने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में कोरोना का टीका लगवाने के लिए अब पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य कर दिया गया है। 45 वर्ष से अधिक आयु वाले सभी लोगों को पहले कोविन पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा। तय तिथि को उपस्थित होने पर टीका लगाया जाएगा।
यह नई व्यवस्था 10 मई से सभी टीकाकरण केंद्रों पर लागू होगी। अचानक टीका की मांग बढ़ने और इसकी बर्बादी रोकने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
कोविड टीकाकरण के शुरुआती दौर में पहले ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य था। बाद में टीकाकरण को गति देने के लिए व्यवस्था बदली गई थी। इसके तहत आधार कार्ड या अन्य पहचान पत्र के साथ केंद्र पर पहुंचने के बाद तत्काल पंजीकरण कर टीका लगा दिया जाता था। इस नई व्यवस्था से लोगों को थोड़ी राहत तो मिली, लेकिन बड़ी मात्रा में टीका बर्बाद होने की शिकायत बढ़ी है।
टीकाकरण अभियान को रफ्तार देने में जुटी सरकार के लिए एक तरफ टीका की नियमित आपूर्ति चुनौती बनी हुई है तो दूसरी ओर टीका बर्बाद हो रहा है। ऐसे में फिर से अग्रिम पंजीकरण की व्यवस्था को शुरू किया जा रहा है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ एनके सिंह ने बताया कि दस मई से शासन ने टीकाकरण के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य कर दिया है।
पंजीकरण के बाद उन्हें मिलने वाली तिथि पर ही टीका लगाया जाएगा। सभी टीकाकरण केंद्रों पर यह निर्देश भेज दिया गया है। जिले में अभी 45 वर्ष आयु वालों को ही टीका लग रहा है। 18 वर्ष से अधिक आयु वालों का अगले सप्ताह से टीकाकरण शुरू करने की रूपरेखा बनाई जा रही है।