जौनपुर: मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश ढेर, डी -63 गैंग का था सदस्य, दूसरा भाग निकला
करीब आधे घंटे तक मुठभेड़ के दौरान पुलिस के आला अधिकारियों के वाहन पुल पर मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक अजय कुमार साहनी व सीओ शाहगंज अंकित कुमार भी मौके पर पहुंच गए थे।
विस्तार
जौनपुर में सरपतहां थाना क्षेत्र के गैरवाह में शुक्रवार को दिन में पुलिस व बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें पुलिस की गोली से एक लाख का इनामी व डी-63 गैंग के सदस्य सतीश सिंह प्रिंस मारा गया। वहीं एक बदमाश भागने में सफल रहा। इस दौरान दो सिपाही भी जख्मी हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से एक एके - 47, 9 एमएम पिस्टल व भारी मात्रा में कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद किया है।
सरपतहां थाने की पुलिस व एसओजी टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के मनिया गांव निवासी शातिर अपराधी सतीश कुमार सिंह प्रिंस अपने एक साथी के साथ काले रंग की मोटरसाइकिल से राइस मिल गैरवाह के पास आ रहा है। पुलिस ने गैरवाह मानपुर के पास घेराबंदी कर दोनों को समर्पण के लिए कहा, लेकिन दोनों बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलानी शुरू कीा। इस दौरान सतीश सिंह प्रिंस गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं दो सिपाही भी जख्मी हो गए। करीब आधे घंटे तक मुठभेड़ के दौरान पुलिस के आला अधिकारियों के वाहन पुल पर मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक अजय कुमार साहनी व सीओ शाहगंज अंकित कुमार भी मौके पर पहुंच गए थे।
मुठभेड़ स्थल से करीब पांच सौ मीटर पहले ही सभी को रोक दिया जा रहा था। जिला मुख्यालय से फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस घायल सतीश व दोनों सिपाहियों को अलग-अलग वाहनों से जिला अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने सतीश को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधीक्षक अजय साहनी ने बताया कि मुठभेड़ में मारा गया अपराधी सतीश सिंह प्रिंस सरायख्वाजा थाने का हिस्ट्रीशीटर था। उस पर जिले में आठ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि आजमगढ़ व वाराणसी में एक-एक आपराधिक मुकदमा दर्ज है। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित है। वह डी - 63 गैंग का सदस्य भी था।