Sawan: सावन के पहले दिन 7500 शिवभक्तों ने किया जलाभिषेक, त्रिलोचन महादेव में गूंजा- बम बम भोले
उत्तर प्रदेश के जाैनपुर में सावन के पहले सोमवार को शिवालयों में भक्तों ने भोलेनाथ के दर्शन-पूजन किया। दूध और जल से बाबा का अभिषेक किया। मंदिर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था चाक-चाैबंद रही।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Sawan 2025: सावन की शुरुआत शुक्रवार से शुरू हो गई है। इसके चलते शिवालयों में भोर से ही शिवभक्तों की भीड़ रही। इस दौरान हर-हर महादेव व बोल बम के उद्घोष से शिवालय गूंज उठे। जनपद के आस्था का केंद्र ऐतिहासिक गौरीशंकर धाम में साढ़े चार हजार तो त्रिलोचन महादेव मंदिर में तीन हजार व दियावां महादेव मछलीशहर में 500 से अधिक श्रद्धालुओं ने पहुंचकर देवाधिदेव का जलाभिषेक किया। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस फोर्स तैनात रही।
बरईपार के सुजानगंज बाजार स्थित छोटा काशी कहां जाने वाला गौरीशंकर धाम में साढ़े चार हजार श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। सावन महीने के पहले दिन ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। श्री गौरी शंकर धाम मंदिर समिति के सचिव सुधीर तिवारी ने बताया कि गौरीशंकर मंदिर पर भोर से ही कतारबद्ध होकर श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर पूजन अर्चन किया।
उन्होंने बताया कि सावन महीने का पहला दिन करीब साढ़े चार हजार श्रद्धालुओं की भीड़ रही। क्षेत्राधिकारी विवेक सिंह ने बताया कि गौरीशंकर धाम पर सुरक्षा के लिए कर कोई चूक नहीं बरती जा रही है, यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिससे श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत का सामना न करना पड़े।
जलालपुर : त्रिलोचन महादेव मंदिर का पट 4 बजे भोर से ही जलाभिषेक के लिए खोला गया जो रात्रि आठ बजे शयन आरती के बाद कपाट बंद हुआ। भोर से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी। त्रिलोचन मंदिर की प्रबंधक मुरलीधर गिरी व पुजारी सोनू गिरी ने बताया कि दिनभर में करीब तीन हजार श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। कांवरियों को व दूर दराज से आए श्रद्धालुओं को देखते हुए त्रिलोचन महादेव मंदिर का कपाट 4 बजे भोर में ही खोल दिया गया।
मछलीशहर : सावन महीने के पहले दिन शुक्रवार को दियावा महादेव मंदिर में 500 श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन किया। मंदिर परिसर में सात सीसीटीवी कैमरे के जरिए निगरानी की जा रही है। मंदिर के पुजारी चंद्रमा प्रसाद मिश्र ने बताया कि सावन में मंदिर प्रातः 4 बजे से रात 8 बजे तक दर्शन पूजन के लिए खुला रहा। पहले दिन 500 श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। सीओ प्रतिमा वर्मा ने बताया कि मंदिर में सुरक्षा की दृष्टि से प्रत्येक सोमवार को दो एसआई व चार महिला सिपाही, 10 पुरुष सिपाही को तैनात किया गया है।
शिवभक्त ने चांदी का अरघा दान किया
प्राचीन गौरीशंकर धाम चंदापुर में क्षेत्र के एक शिव भक्त ने चांदी के अरघा का दान किया है। इससे मंदिर के गर्भ गृह की सुंदरता बढ़ गई है। कम्मरपुर गांव निवासी उद्योगपति शिवसहाय मिश्र नन्हें ने गौरीशंकर मंदिर में लगभग दो लाख रुपये से बना चांदी व पीतल मिश्रित अरघा, त्रिशूल व नाग दान किया है।
तीन हजार श्रद्धालुओं ने माता चौकियां के किए दर्शन
सावन मास के पहले दिन शीतला चौकियां धाम में शुक्रवार को करीब तीन हजार श्रद्धालुओं ने माता शीतला का दर्शन किया। मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालु सुबह से ही कतार में लगे रहे। इस दौरान दर्शनार्थियों के लिए पुलिस की ओर से की गई सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रही।
मंदिर के महंत विवेकानंद पंडा ने बताया कि दिनभर में करीब तीन हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन किया। शुक्रवार को श्रावण मास लगते ही पूर्वांचल में आस्था का केंद्र शीतला धाम चौकियां में शुक्रवार को भोर से ही भारी श्रद्धालुओं का दर्शन पूजन के लिए तांता लग गया। दोपहर एक बजे तक लंबी कतार लगी रही। सैकड़ो श्रद्धालु जो आजमगढ़, गाजीपुर, सुल्तानपुर जनपद से निजी वाहन से आकर दर्शन कर त्रिलोचन महादेव और काशी विश्वनाथ दर्शन के लिए रवाना हुए।