Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Jaunpur News ›   Offered prayers to the setting sun, asking for happiness and prosperity,

Jaunpur News: अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर मांगी सुख-समृद्धि, गोमती तट पर उमड़ा आस्था का सैलाब

Mon, 16 Nov 2026 12:16 AM IST
Varanasi Bureau वाराणसी ब्यूरो
Updated Mon, 16 Nov 2026 12:16 AM IST
विज्ञापन
Offered prayers to the setting sun, asking for happiness and prosperity,
गोमती तट छठ मईया की पूजन-अर्चन करती महिलाएं। संवाद
जौनपुर। सिर पर पूजन सामग्री से सजा दउरा, हाथों में फल और प्रसाद से भरे सूप और जुबां पर छठी मइया के गीत... रविवार की शाम गोमती तट पर आस्था का ऐसा ही अद्भुत दृश्य दिखाई दिया। लोक आस्था के महापर्व छठ पर व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। सद्भावना पुल से शाही पुल के बीच गोमती तट पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। शहर के मध्य से गुजरी गोमती के 14 सहित गांवों तक कुल 157 घाटों पर छठ पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। शहर में करीब 50 हजार श्रद्धालु रहे तो वहीं इसके बाद सबसे अधिक भीड़ शीतला धाम चौकियां, शाहगंज, केराकत, जलालपुर में रही। कुल मिलाकर जिले भर में करीब एक से अधिक श्रद्धालु इस महापर्व में न सिर्फ शरीक हुए बल्कि पूरी आस्था के साथ नदी, तालाब, पोखरे व घरों में बने कृत्रिम कुंड में डुबकी लगाकर सुख-समृद्धि की कामना की।
विज्ञापन



सुबह से ही घरों में छठ पूजा की तैयारियां शुरू हो गई थीं। व्रती महिलाओं ने पूजन सामग्री के साथ फल और प्रसाद दउरा व सूप में सजाए। परिवार के पुरुष सदस्य सिर पर दउरा लेकर पैदल घाटों की ओर निकले तो उनके पीछे महिलाएं और बच्चे भी छठी मइया के गीत गाते हुए चल पड़े। किसी के हाथ में ईख थी तो कोई पूजन सामग्री संभाले हुए था। शाम होते-होते घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई। गोपीघाट पर चार बजते-बजते तिल रखने की जगह नहीं बची। हर तरफ श्रद्धालु ही श्रद्धालु नजर आ रहे थे। शहर में बनाए गए 14 घाटों पर भी व्रतियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही।
विज्ञापन




गोमती तट पर सूर्य को अर्घ्य देने के लिए व्रती महिलाएं पानी में खड़ी होकर सूर्यास्त का इंतजार करती रहीं। जैसे ही अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने का समय आया, पूरा घाट छठी मइया के जयकारों और भक्ति गीतों से गूंज उठा। शाम करीब 5:11 बजे सूर्यास्त के बाद व्रतियों ने पूजा-अर्चना पूरी की और दउरा लेकर घरों की ओर लौटने लगीं। इस दौरान महिलाओं के समूह छठ गीत गाते हुए चल रहे थे। घाटों पर बज रहे ‘कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए’, ‘कोसी भरे चलली गउरा देवी’ और ‘सीतली बयरिया’ जैसे पारंपरिक गीतों ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन




सुरक्षा के लिए गोमती में लगाई गई जाली।



घाटों पर उमड़ी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। गोमती में जाली लगाकर बैरिकेडिंग की गई थी, ताकि श्रद्धालु निर्धारित सीमा से आगे न जाएं। एसडीआरएफ की टीम और गोताखोरों को तैनात किया गया था। महिला श्रद्धालुओं के लिए घाटों पर विशेष व्यवस्था की गई थी। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।



आज उगते सूर्य को अर्घ्य देकर होगा पारन।



छठ पर्व के अंतिम दिन सोमवार की सुबह व्रती महिलाएं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देंगी। इसके बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा होगा। व्रती महिलाएं घाट पर ही प्रसाद ग्रहण कर पारन करेंगी। इससे पहले शनिवार की शाम व्रतियों ने श्रद्धा के साथ खरना पूजा की थी। इसके साथ ही उनका 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हुआ था। सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।



आज रहेगा स्थानीय अवकाश।



छठ पूजा परायण के अवसर पर 16 नवंबर (सोमवार) को जिले में स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। जिलाधिकारी डॉ. सैमुअल पॉल एन. ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।




छठ घाटों पर एंबुलेंस के साथ तैनात रही मेडिकल टीम



जौनपुर। डाला छठ पर्व पर रविवार को घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से चिकित्सा व्यवस्था की गई। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस के साथ चिकित्सकीय टीम घाटों पर तैनात रही। सीएमओ डॉ. गंगाराम गौतम के निर्देश पर 15 नवंबर की शाम तीन बजे से मेडिकल टीम ने जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद सोमवार सुबह तीन बजे से पर्व की समाप्ति तक टीम मुस्तैद रही। वहीं, जिला पुरुष और महिला चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षकों की ओर से शहर के मध्य सद्भावना पुल के दोनों तरफ एंबुलेंस के साथ चिकित्सा टीम तैनात की गई थी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed