डोभी। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर आरक्षण टिकट काउंटर न होने से यात्रियों को टिकट के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। जबकि इस स्टेशन से होकर पांच जोड़ी ट्रेनों का आवागमन होता है। इसके बावजूद आरक्षण टिकट की व्यवस्था नहीं है। यात्रियों ने जिम्मेदार अधिकारियों से आरक्षण टिकट काउंटर की सुविधा की मांग की है। औड़िहार जौनपुर रेल प्रखंड पर 1904 में डोभी स्टेशन की स्थापना की गई थी। पहले छोटी लाइन थी। 2002 में इसे बड़ी लाइन करते हुए 2017-18 में दोहरीकरण किया गया है। स्टेशन को विस्तारित कर यात्री सुविधाओं में इजाफा किया गया। अच्छी लाइटिंग, यात्रियों के बैठने, पेयजल, शौचालय का निर्माण किया गया था लेकिन आज तक आरक्षण टिकट की व्यस्था नहीं किया जा सका है। ऐसे में यात्रियों को जौनपुर 42 किलोमीटर, औड़िहार 21 किलोमीटर या वाराणसी 31 किलोमीटर की दूरी आरक्षण टिकट के लिए तय करनी पड़ती है।
जबकि इस स्टेशन से होकर औड़िहार से जौनपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन जहां रुकती है, वहीं सुहेलदेव सुपरफास्ट एक्सप्रेस सप्ताह में छह दिन रुकती है। माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस सप्ताह में दो दिन रविवार, मंगलवार व गाजीपुर बांद्रा एक्सप्रेस ट्रेन यहां ठहरती है। इतने ट्रेनों के ठहराव के बाद भी यात्री सुविधाओं का अभाव डोभी स्टेशन पर बरकरार है। यात्री रामेश्वर सिंह, राजेंद्र सिंह, अनिल पांडेय, सभाजीत यादव, रामवृक्ष सिंह आदि लोगों ने इस समस्या से निजात दिलाने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों से मांग की है।