सिकरारा। थाना क्षेत्र के शेरवा गांव में मंगलवार को एक विवाहिता का शव उसके कमरे में साड़ी के फंदे से लटकता हुआ मिला। परिवार के लोगों के मुताबिक उसने आत्महत्या की है। वहीं, घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुटी। डॉग स्क्वाड व फारेंसिक टीम ने भी घटना स्थल साथ जांच पड़ताल की।
शेरवा गांव निवासी संजय सिंह की पत्नी रूपा सिंह (30) मंगलवार को अपने कमरे थी। परिवार के लोगों के मुताबिक रोज की तरह उसके पति लगभग 9 .30 बजे एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाने गए थे। बड़ा बेटा कार्तिक (9) भी स्कूल चला गया। जुड़वा संतान वीरू और परी (6) घर से बाहर खेलने चले गए। घर में संजय की पत्नी रूपा अकेली थी। लगभग 11 बजे संजय के भतीजे रवि सिंह व उनके एक रिश्तेदार कहीं से घर लौटे तो पाया कि मकान का बाहरी दरवाजा अंदर से बंद था। उन लोगों ने आवाज लगाई, दरवाजा खटखटाया लेकिन कोई उत्तर नहीं मिला तो किसी अनहोनी की आशंका वश वह लोग घर की ऊंची चहारदीवारी पर बाहर से सीढ़ी लगाकर आंगन में पहुंचे। वहां से रूपा के कमरे में देखा तो उसका शरीर फंदे से लटक रहा था। सूचना पर पति संजय सिंह भी रोते विलखते घर पहुंचे। आसपास के लोग व 112 नंबर डायल पुलिस मौके पहुंच कर शव को नीचे उतरवाए। थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय हमराहियों के साथ घटना स्थल पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।