जौनपुर में दो समुदायों में मारपीट: आरएसएस के नगर प्रचारक सात घायल, शहर में अघोषित कर्फ्यू जैसे हालात
पुलिस ने बताया कि एक युवक स्कूल जा रहा था, जिसकी रास्ते में कुछ लोगों ने पिटाई कर दी। इसके बाद परिजन मारपीट की जानकारी के बाद दूसरे समुदाय के व्यापारी के यहां पूछताछ के लिए पहुंचे थे, जहां मारपीट शुरू हो गई।
विस्तार
जौनपुर के मछलीशहर तहसील के पीछे सब्जी मंडी में बृहस्पतिवार सुबह दो समुदायों में हुई मारपीट में आरएसएस के नगर प्रचारक समेत सात लोग घायल हो गए। स्थिति गंभीर होने पर कई थानों की फोर्स बुलवा ली गई। तनाव को देखते हुए पुलिस ने बाजार को बंद करवा दिया और सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्र में कई थानों की फोर्स को तैनात कर दिया गया। शहर में अघोषित कर्फ्यू जैसे हालात रहे।
हालांकि शाम चार बजे के बाद कुछ दुकानें खुल गईं। स्कूल, कॉलेज भी खुले थे, लेकिन बाजार के अंदर आने वालों को बाहर से ही लौटा दिया जा रहा था। शाही रोड निवासी रोहित गुप्ता का भांजा राजा सुबह स्कूल जा रहा था। उसका आरोप है कि स्कूल के पास मुंह बांधे कुछ लोग पहुंचे और उसे पीटने लगे।
महिला को किया गया रेफर
इसकी जानकारी परिवार को हुई तो वे सब्जी मंडी में दूसरे समुदाय के व्यवसायी के घर पूछताछ करने पहुंच गए। जहां किसी बात को लेकर मारपीट होने लगी। इस दौरान दोनों समुदायों से सरजू देवी (70), ऋषभ (26), सरवर राइन (40), मो. इदरीश (67), रोहित भोज्यवाल (21), राजा (19) और सरिता देवी (35) घायल हो गए। सभी को सीएचसी में भर्ती कराया गया। सरिता देवी की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
इस घटना में मौके पर गए आरएसएस के नगर प्रचारक ऋषभ को चोट लगने की जानकारी होने पर स्वयंसेवक भी एकत्रित हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को तितर-बितर करने के बाद बाजार को बंद करवा दिया। एसडीएम ज्योति सिंह, सीओ अतर सिंह फोर्स के साथ बाजार में गश्त करते रहे।
उधर कोतवाली में घटना के बाद एकत्रित हिंदू संगठन के लोगों और दूसरे पक्ष के बीच घंटों बातचीत चली, लेकिन समझौता नहीं हो सका। मामले में 25 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें आरएसएस के नगर प्रचारक ऋषभ ने 13 लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। जबकि सरिता देवी भोज्यवाल और सरवर राइन ने अपनी तहरीर में 6-6 लोगों को नामजद किया है।
प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों पक्षों से 6 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। क्षेत्राधिकारी अतर सिंह ने कहा कि नगर में दो पक्षों में हुए विवाद के दौरान मारपीट हुई है। घटना में घायल दोनों पक्षों के लोगों का इलाज करवाया गया है। दोनों पक्षों से तहरीर मिली है। मौके पर शांति कायम है।
उपजिलाधिकारी ज्योति सिंह ने कहा कि दो व्यवसायियों के परिवारों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस ने उनकी तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया है। मौके पर शांति है।