शाहगंज। यूपीआई लेनदेन पर प्रस्तावित एमडीआर (मर्चेंट डिस्काउंट रेट) शुल्क को लेकर व्यापारियों में चिंता है। नगर उद्योग व्यापार मंडल ने शुक्रवार को विधायक रमेश सिंह को ज्ञापन सौंपकर यूपीआई पर लगाए जा रहे प्रस्तावित शुल्क को वापस लिए जाने की मांग की। व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष अर्पित जायसवाल ने ज्ञापन में कहा कि यूपीआई आज व्यापारियों के लिए भुगतान का प्रमुख माध्यम बन चुका है। खासकर छोटे और मध्यम व्यापारियों के लिए यूपीआई लेनदेन पर एमडीआर शुल्क लगाया जाना अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ाएगा। इससे व्यापारियों की लागत बढ़ने की आशंका है। व्यापार मंडल ने विधायक से मांग की कि व्यापारियों के हित में प्रस्तावित एमडीआर शुल्क वापस लिए जाने का मुद्दा संबंधित सरकार और विभाग के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाए। पदाधिकारियों ने कहा कि डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के दौर में यूपीआई पर अतिरिक्त शुल्क व्यापारियों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। ज्ञापन के माध्यम से व्यापारियों ने विधायक से इस मांग को उचित मंच तक पहुंचाने और आवश्यक सहयोग करने का अनुरोध किया।
ज्ञापन पर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और व्यापारियों के हस्ताक्षर भी रहे। इस मौके पर व्यापार मंडल के रविकांत, सत्येंद्र गुप्ता, अनिल कुमार, अश्वनी, आनंद कुमार, अम्बरीष, दीपक कुमार, इरशाद अहमद आदि उपस्थित रहे।