जौनपुर। करंजाकला विकास खंड के जंगीपुर खुर्द गांव में सरकारी राशन की दुकान की जहांच में खाद्यान्न की बड़े पैमाने पर कालाबाजारी उजागर होने पर सदर के पूर्ति निरीक्षक आशुतोष त्रिपाठी उचित दर विक्रेता अमरजीत के खिलाफ सरायख्वाजा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। जांच में दुकान और गोदाम पर 95.69 कुंतल खाद्यान्न और चीनी का हिसाब नहीं मिला। इसमें 6.79 क्विंटल गेहूं, 88.78 क्विंटल चावल और 12 किलो चीनी शामिल है। जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद पूर्ति निरीक्षक ने आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई के लिए प्राथमिकी दर्ज कराई है। जांच रिपोर्ट के मुताबिक जंगीपुर खुर्द में कुल 482 राशन कार्ड धारक हैं। इनमें 45 अंत्योदय और 437 पात्र गृहस्थी कार्डधारक शामिल हैं।
सितंबर में 396 कार्डधारकों को ही खाद्यान्न वितरित किया गया। यह कुल कार्डधारकों का 82.16 प्रतिशत है और जांच रिपोर्ट में इसे करंजाकला विकासखंड में सबसे न्यूनतम वितरण प्रतिशत बताया गया है। जांच में सामने आया कि सितंबर के वितरण के बाद दुकान पर अंत्योदय का एक क्विंटल और पात्र गृहस्थी का 12.76 क्विंटल चावल, जबकि अंत्योदय का 0.40 और पात्र गृहस्थी का 3.19 क्विंटल गेहूं अवशेष होना चाहिए था। यह पूरा खाद्यान्न दुकान पर नहीं मिला। अगस्त का बचा खाद्यान्न भी उपलब्ध नहीं था। इसके अलावा अक्टूबर के वितरण के लिए 11 क्विंटल अंत्योदय और 51.50 क्विंटल पात्र गृहस्थी का चावल भी विक्रेता को उपलब्ध कराया गया था, लेकिन निरीक्षण के समय उसका भी भौतिक स्टॉक नहीं मिला। जांच और राशनकार्डधारकों के बयानों से स्पष्ट हुआ कि 86 कार्डधारकों को नियमानुसार खाद्यान्न नहीं दिया गया। यह जांच में पता चला है।