जौनपुर। प्रदेश सरकार की सेवा, सुरक्षा और सुशासन की नीति के उत्कृष्ट आठ वर्ष पूरे होने पर कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में तीन दिवसीय विकास उत्सव मेले का बुधवार को दूसरा दिन रहा। शुभारंभ कैबिनेट मंत्री कारागार विभाग दारा सिंह चौहान ने करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आठ साल में बेहतरीन कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि सभी विभागों में उत्कष्ट कार्य हुए हैं। कहा कि मोदी जब से प्रधानमंत्री बने हैं, देश में चतुर्मुखी विकास हो रहा है। इस जनपद से मेरा पुराना लगाव रहा है। जौनपुर बहुत ही ऐतिहासिक धरती है। इस देश को आजाद कराने में यहां के स्वतंत्रता सेनानियो का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। सरकार गरीबों के प्रति समर्पित रही है। गरीबों को निःशुल्क गैस कनेक्शन, पांच लाख तक का मुफ्त चिकित्सा इलाज मिल रहा है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जनपद की मड़ियाहूं तहसील की एक ही परिवार की तीन बेटियों का पुलिस भर्ती परीक्षा में चयन हुआ है, आज बेटिया भी आगे बढ़ रही हैं। मंत्री ने प्रेक्षागृह परिसर में विभिन्न विभागों जैसे सूचना, कृषि, उद्योग, जल जीवन मिशन, महिला कल्याण विभाग, बाल विकास, खादी ग्रामोद्योग, पुलिस (मिशन शक्ति), एनआरएलएम, चिकित्सा, खाद्य सुरक्षा, बेसिक शिक्षा, बैंक और विद्युत सहित अन्य विभाग द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टाल देखे। सूचना विभाग के स्टॉल पर 08 साल की उपलब्धियों पर आधारित विकास पुस्तिका देखी। इस दौरान आठ साल के उपलब्धियों पर लघु फिल्म भी बनाई गई। इस अवसर पर डीएम डॉ.दिनेश चंद्र, एसपी डा.कौस्तुभ, सीडीओ साईं तेजा सीलम ने एमएलसी बृजेश सिंह, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मनोरमा मौर्या को पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री सुशील मिश्रा आदि उपस्थित रहे।