सुरेरी। सरायडीह गांव में दो दिन पूर्व मारपीट में घायल अधेड़ की बुधवार की सुबह वाराणसी के ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजन शव लेकर गांव चले आए। बाद में पोस्टमार्टम कराने दोबारा वाराणसी गए।
सरायडीह गांव निवासी सैफउल्ला 18 मई की शाम किराने की दुकान पर सूर्ती लेने पहुंचा था, जहां दुकानदार से उसका विवाद हो गया। वहां पहले से मौजूद पड़ोसी गांव बासूपुर निवासी शमीम (40) बीचबचाव करने लगे। बीच-बचाव के दौरान शमीम द्वारा कही गई बात ग्राहक को नागवार गुजरी। कुछ देर बाद वह अन्य परिजनों के साथ मौके पर पहुंचा और शमीम की जमकर पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल शमीम को उपचार के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया था। वाराणसी के ट्रामा सेंटर में उसका उपचार चल रहा था, जहां बुधवार की भोर में उसने दम तोड़ दिया। परिजन उनके शव को बिना पोस्टमार्टम के ही गांव लेकर चले गए। बाद में उनको पोस्टमार्टम के लिए शव को फिर वाराणसी ले जाना पड़ा, जहां आवश्यक कोरम पूरा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। एसओ श्याम दास वर्मा ने बताया कि शमीम के भाई नसीम अख्तर की तहरीर पर 14 लोगों के खिलाफ मारपीट, बलवा व अन्य धाराओं में केस दर्ज था, जिसमें चार की गिरफ्तारी कर ली गई थी। मुकदमे में अब गैर इरादतन हत्या की धारा बढ़ाकर कार्रवाई की जाएगी।