जौनपुर।
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के दत्तोपंत ठेंगड़ी विधि संस्थान की ओर से सोमवार को आर्यभट्ट सभागार में छात्र-छात्राओं के लिए चुनौतियों से कैसे लड़ा जाए विषय पर मोटिवेशनल टॉक (प्रेरणादायक बातचीत) का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता कीर्ति चक्र से सम्मानित लेफ्टिनेंट कर्नल पुष्पेंद्र सिंह ने कहा कि जीवन में चुनौतियां प्रत्येक व्यक्ति के सामने आती हैं, लेकिन सफलता उन्हीं को मिलती है। जो कठिन परिस्थितियों में धैर्य, अनुशासन और आत्मविश्वास बनाए रखते हैं। उन्होंने अपने सैन्य जीवन के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे कठिनाइयों से घबराएं नहीं और अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ते रहें। उन्होंने कहा कि वीर तुम बढ़े चलो, कठिनाइयों से मत डरो। लक्ष्य कितना भी कठिन क्यों न हो, दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से उसे प्राप्त किया जा सकता है।” उन्होंने विद्यार्थियों को नेतृत्व की भावना विकसित करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि नेतृत्व केवल आदेश देने का नाम नहीं है, बल्कि कठिन समय में स्वयं आगे बढ़कर उदाहरण प्रस्तुत करने का नाम है। कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को शैक्षणिक ज्ञान के साथ-साथ जीवन की चुनौतियों का सामना करने का साहस, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करनी चाहिए। दत्तोपंत ठेंगड़ी विधि संस्थान के निदेशक प्रो. विनोद कुमार, प्रो. मानस पांडेय, प्रो. प्रमोद कुमार यादव, प्रो. मिथिलेश कुमार सिंह, डॉ. वनिता सिंह, डॉ. प्रियंका कुमारी आदि उपस्थित रहे। संचालन डॉ. अनुराग मिश्र ने किया।