जौनपुर।
जिले के यात्रियों के लिए राहत की खबर है। रेलवे की ओर से मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस से मऊ के बीच सप्ताह में दो दिन विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। यह ट्रेन लोकमान्य तिलक टर्मिनस से 11 अक्तूबर से 20 नवंबर तक व मऊ से 13 अक्तूबर से 22 नवंबर तक 12-12 फेरे किए जाएंगे। उत्तर रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता ने बताया कि ट्रेन संख्या 01123 मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस से शुक्रवार एवं रविवार को दोपहर 12:15 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन ठाणे, कल्याण, इगतपुरी, नासिक रोड, जलगांव, भुसावल, खंडवा, इटारसी, पिपरिया, नरसिंहपुर, मुंगावली, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, वाराणसी जक्शन होते हुए दूसरे दिन जौनपुर स्टेशन पर शाम 6.10 पहुंचेगी। यहां से 6.15 बजे रवाना होकर शाहगंज स्टेशन पर शाम सात बजे, मऊ रात 9:30 बजे पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 01124 मऊ से रविवार एवं मंगलवार की सुबह 4.15 बजे प्रस्थान कर आजमगढ़ होते हुए शाहगंज स्टेशन पर सुबह 6:25 बजे पहुंचेगी। यहां से 6:30 बजे रवाना होकर जौनपुर स्टेशन पर सुबह 8:10 बजे पहुंचेगी। यहां 8:15 बजे से प्रस्थान कर वाराणसी जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, मानिकपुर, सतना, मैहर, कटनी, इटारसी, खंडवा, भुसावल, जलगांव, नासिक रोड, इगतपुरी, कल्याण व ठाणे होते हुए अगले दिन लोकमान्य तिलक टर्मिनल शाम 4:45 बजे पहुंचेगी। इस ट्रेन में सामान्य, स्लीपर, वातानुकूलित सहित कुल 22 कोच होंगे।