केराकत । क्षेत्र के नार्मल स्कूल परिसर में चौधरी चरण सिंह स्मारक राज्य स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता का फाइनल मैच शनिवार को टाउन स्पोर्टिंग क्लब मोहम्मदाबाद गाजीपुर और धानापुर चंदौली के बीच खेला गया। जिसमें धानापुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन गोल से मैच जीत लिया।
प्रथम हाफ में दोनों टीमों के खिलाड़ी फुटबाल पर आक्रामक प्रहार करते रोमांचक मैच का प्रदर्शन किया। खेल के 15 वें मिनट में पेनाल्टी शूट के माध्यम से चन्दौली के खिलाड़ी ने पहला गोल दागकर अपनी टीम को बढ़त दिला दी। वहीं दूसरे हाफ मैच में खिलाड़ियों ने बेहतर मैच का प्रदर्शन किया। चंदौली के खिलाड़ी ने दूसरे हाफ के 20 वें मिनट में दूसरा गोल दागकर अपनी टीम को दो गोल से बढ़त दिला दी। खेल के आखिरी क्षणों में चंदौली के खिलाड़ियों ने तीसरा गोल दाग दिया।
गाजीपुर के खिलाड़ी अंत तक एक भी गोल नहीं कर सके। मैच का संचालन विरेन्द्र कुमार यादव वीरू ने किया। मुख्य अतिथि केराकत विधायक तुफानी सरोज, विशिष्ट अतिथि सुमन यादव, आजाद कुरैशी, रमाशंकर यादव, गुड्डू खान, राजू सेठ, आदि रहे। निर्णायक राजेश यादव, राहुल सोनकर, स्वतंत्र कुमार यादव, विनीत सोनकर रहे।