मां-बेटी की मौत: पति समेत पांच पर दहेज हत्या का केस, तबीयत खराब होने की दी गई थी जानकारी; अस्पताल में मिली लाश
मां-बेटी की मौत के मामले में पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। मृतका शशिकला ने घटना से पहले अपनी बहन को फोन कर ससुराल पक्ष पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने की बात बताई थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
जौनपुर में नेवढ़िया थाना क्षेत्र के बुद्धिपुर गांव निवासी शशिकला पटेल (26) और उनकी बेटी श्रेया पटेल (4) की हुई मौत के मामले में पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में प्राथिमकी दर्ज की गई है। मृतका के पिता जयद्रथ पटेल की तहरीर पर पुलिस ने पति रवि पटेल, ससुर हंसराज पटेल, सास शोभावती, देवर किशन और ननद रवीना को नामजद किया है।
परिजनों के अनुसार शशिकला की शादी छह जून 2021 को संतोषपुर गांव निवासी रवि पटेल पुत्र हंसराज पटेल के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए शशिकला को प्रताड़ित करते थे और भैंस व दो लाख रुपये की मांग की जा रही थी।
बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे शशिकला ने अपनी बड़ी बहन ललिता पटेल को फोन कर ससुराल में गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दिए जाने की जानकारी दी थी। रात करीब 8:30 बजे शशिकला के ससुर हंसराज ने मायके वालों को फोन कर उसकी तबीयत खराब होने की जानकारी दी।
इसके बाद फोन नहीं उठने पर परिजन रात करीब 9:30 बजे संतोषपुर पहुंचे। वहां मकान में ताला लगा था और कोई मौजूद नहीं था। सूचना पर 112 पुलिस भी पहुंची। मायके पक्ष का आरोप है कि उन्हें कभी शशिकला और श्रेया को जौनपुर, कभी भदोही तो कभी वाराणसी ले जाने की जानकारी दी गई।
रात करीब 11 बजे परिजन मड़ियाहूं कोतवाली पहुंचे। सुबह करीब पांच बजे पुलिस ने बताया कि मां-बेटी के शव जौनपुर सदर अस्पताल में हैं। परिजनों का आरोप है कि मई 2026 में रवि ने शशिकला के साथ मारपीट की थी। शिकायत के बाद ग्राम प्रधान की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था। घटना के समय रवि गुजरात के वापी में था।
इंस्पेक्टर क्राइम इरफान अली ने बताया कि पति रवि पटेल, ससुर हंसराज पटेल, सास शोभावती, देवर किशन और ननद रवीना के खिलाफ दहेज हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।