खुटहन। क्षेत्र के पटैला गांव के बान्हदैत्य बाबा मंदिर के पास सेवई नाले में स्नान करते समय डूबे दो चचेरे भाईयों का शव दूसरे दिन नाले में उतराया मिला। तेज बहाव के चलते दोनों स्नान करते समय नाले में डूब गये। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कुछ पता नहीं चला। उनका शव दूसरे दिन बुधवार की दोपहर घटना स्थल से दो किलोमीटर दूर भटपुरा गांव के पास उतराया मिला।
सरपतहां थाना क्षेत्र के घुघुरी सुल्तानपुर गांव निवासी विशाल (15) पुत्र अखिलेश विश्वकर्मा और सचिन (13) पुत्र सुरेश विश्वकर्मा मंगलवार की शाम साइकिल से पटैला बाजार गए थे। वहां से घर लौटते समय दोनों मंदिर के पास नहाने चले गए। देर शाम जब वे घर नहीं पहुंचे तो परिजन तलाश शुरू कर दिए। मंदिर के पास उनकी साइकिल और चप्पल देख लोगों ने पानी में डूबने की आशंका जाहिर की। इसकी सूचना नहर विभाग को देकर रात में ही जलापूर्ति रोकवा दी गई थी। बुधवार को घटना स्थल से दो किलोमीटर दूर भटपुरा गांव के पास दोनों का शव उतराया मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।