केराकत। कोतवाली पुलिस ने अंतर्जनपदीय लुटेरों के गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया। लुटेरों के पास से पुलिस ने एक अपाची बाइक, एक तमंचा व कारतूस और लूट का रुपया भी बरामद हुआ है।
केराकत कोतवाली के इंस्पेक्टर अनिल सिंह ने बताया कि एसआई राकेश कुमार, प्रभारी सर्विलांस, प्रभारी निरीक्षक स्वाट व थानाध्यक्ष चन्दवक की संयुक्त टीम बुधवार की शाम क्षेत्र के नरायनपुर के पास घेराबंदी कर तीन लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर तीनों लुटेरों के पास से लूट की अपाची बाइक, एक तमंचा, दो जिन्दा कारतूस व 12 बोर का एक देशी तमंचा, दो जिंदा कारतूस व 32 बोर की एक देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस व पांच मोबाइल फोन तथा लूट के 45 हजार 200 रुपये बरामद हुआ। गिरफ्तार लुटेरों में वीरेन्द्र मौर्या निवासी सिरकिना थाना सिंगरामऊ जौनपुर, अभिषेक उर्फ शिवरात्रि निवासी ग्राम सरोखनपुर बदलापुर जौनपुर तथा दीपक कुमार निवासी धरौरा थाना आसपुर देवसरा प्रतापगढ़ शामिल है। कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि तीनों शातिर लुटेरे हैं। वे पहले रेकी करते हैं फिर लूट व चोरी की घटना को अंजाम देते हैं। वे अधिकतर आभूषण व्यापारियों को रास्ते में लूटते थे। ये लुटेरे जौनपुर के अलावा प्रतापगढ़, आजमगढ़ और आस पास के जिलों में सक्रिय थे।