जौनपुर। सर्वोदय इंटर कालेज सुदनीपर के इंटर के छात्रों का रिजल्ट अभी तक जारी नहीं हो पाया है। जिसके चलते छात्रों का भविष्य अधर में है। बोर्ड से जो रिजल्ट नेट पर जारी किया गया है, उसमें सभी छात्रों के अंक पत्र पर हर विषय के सामने डाट का निशान बना दिया गया है। जहां पूरे अंक का टोटल मार्क जोड़कर दिया जाता है वहां पर एक्स-एक्स-एक्स लिख कर छोड़ दिया गया है। किसी भी विषय का नंबर नहीं लिखा गया है। शुक्रवार को छात्रों का प्रतिनिधि मंडल डीएम मनीष कुमार वर्मा को पत्रक सौंपकर समस्या से अवगत कराया। जिससे छात्रों के सामने समस्या खड़ी हो गई है। सर्वोदय इंटर कालेज सुदनीपुर में सत्र 2020-21 में इंटर के 283 छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे। लेकिन सभी छात्रों का रिजल्ट बोर्ड ने आधा अधूरा जारी कर दिया है। नेट वाले अंक पत्र पर प्रमोटेड लिखकर छोड़ दिया गया है। रिजल्ट पूरा कराए जाने की मांग को लेकर डीएम को पत्रक सौंपा है। छात्र आनंद कुमार, आशीष, सचिन, आफताब, श्याम सुंदर चौहान, लक्ष्मीनारायण, सत्यम, राहुल गुप्ता, आत्मीम सिंह, आनंद मौर्य, आकाश यादव, राशिद, शुभम विश्वकर्मा ने डीएम को पत्रक सौंपकर अपनी समस्या से अवगत कराया। कालेज के प्रधानाचार्य संजीव कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि बोर्ड से जो भी डिटेल मांगा गया था। उसे आनलाइन अपडेट कर दिया गया था। इसके बाद भी रिजल्ट आधा अधूरा जारी कर दिया गया है। छात्रों के डिटेल की हार्ड कापी भी क्षेत्रीय अधिकारी को मुहैया कर दिया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित ने बताया कि छात्रों का रिजल्ट किसी कारण से आधा अधूरा जारी कर दिया गया है। विद्यालय से छात्रों को डिटेल भेज गया है। लेकिन किसी कराण से रिजल्ट अधूरा रह गया है। जीजीआईसी के दो शिक्षकों को लगाकर छात्रों का परीक्षा फार्म भरवाया जा रहा है।