जौनपुर। ग्राम प्रधान स्तर की लंबित जांचों को समय से पूर्ण न करने वाले अधिकारियों के खिलाफ जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा बृहस्पतिवार को सख्त दिखे। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में एक भी जांच न करने वाले सीवीओ को फटकार लगाए और चेतावनी दी। बैठक में अनुपस्थित रहे जिला विद्यालय निरीक्षक को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की गई। 2014 से लंबित एक जांच को दो दिन के भीतर पूर्ण करने के लिए आबकारी अधिकारी को डीएम ने निर्देश दिया। कहा कि जिन भी अधिकारियों को जांच दी जाती है वे समय से पूर्ण करके आख्या दें। जांच समय से न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि जितने भी अधिकारी अनुपस्थित होते हैं उनका एक-एक दिन का वेतन काटा जाएगा। जिसके स्तर पर शिकायतें या जांच लंबित रहेगी उनके खिलाफ भी सख्ती की जाएगी। पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, एआर कॉपरेटिव एवं जिला विकास अधिकारी द्वारा प्रधानों की जांच के संबंध में अच्छा किया गया है। जिलाधिकारी ने इनकी सराहना की। उन्होंने अन्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि जितनी भी जांच दी गई है उसे जल्द से जल्द पूर्ण कर रिपोर्ट प्रस्तुत कर दें। जांच निष्पक्ष एवं पारदर्शी होनी चाहिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व रजनीश राय, उपायुक्त मनरेगा भूपेंद्र सिंह, जिला विकास अधिकारी बीबी सिंह आदि मौजूद थे।