जौनपुर। सभी तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। शाहगंज तहसील में जिलाधिकारी डाॅ. दिनेश चंद्र सिंह पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने फरियाद सुनीं। जहां कोकना पिलकिछा निवासी रमेश चंद्र उपाध्याय ने शिकायत किया कि उनके मुख्य प्रवेशद्वार के सामने विपक्षी के द्वारा तीन फीट ऊंची दीवार खड़ी कर आवागमन को अवरूद्व कर दिया गया है। फरियादी के प्रार्थना पत्र को लेकर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए सीओ चकबंदी और अन्य सम्बन्धित विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया कि शीघ्र समस्या का निस्तारण करें। इसी तरह महमूदपुर सरपतहा के बनवारी लाल ने बताया कि उनका पुत्र दिव्यांग है, लेकिन पेंशन और ट्राईसाइकिल नहीं मिल पा रही है। जिलाधिकारी ने जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी को दिव्यांग की पात्रता का सत्यापन कराते हुए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए, जिससे दिव्यांग फरियादी को शासन की विभिन्न योजनाओं से आच्छादित किया जा सके। वहीं, खुटहन थाना क्षेत्र के कानामऊ निवासी छोटेलाल पुत्र बलई गौड ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर अपनी बेशकीमती भूमि पर अवैध कब्जा और निर्माण कराए जाने की शिकायत की है। बडागांव निवासी दयाराम ने अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। इसी तरह 57 लोगों ने फरियाद की, जिसमें से 9 शिकायती प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किया गया। मछलीशहर:अपर जिलाधिकारी भू राजस्व अजय कुमार अंबष्ट की अध्यक्षता में तहसील के सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। 78 शिकायतें आईं, जिसमें किसी भी शिकायत का मौके निस्तारण पर नहीं हो सका है। मड़ियाहूं: तहसील सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन उप जिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस दौरान कुल 66 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से छह मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। उप जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान शासन की प्राथमिकता है, इसलिए सभी अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका जल्द निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी शिकायत में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बदलापुर: तहसील सभागार में शनिवार को एडीएम वित्त एवं राजस्व परमानंद झा की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 43 जरूरतमंदों ने प्रार्थना पत्र दिए, जिसमें मौके पर चार का निस्तारण कर दिया गया। केराकत: तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस एसडीएम शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। इसमें फरियादियों द्वारा कुल 112 प्रार्थना पत्र दिए गए जिसमें से मौके पर 14 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किया गया।