जौनपुर। भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के बीच जम्मू, पंजाब वैष्णो देवी की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या कम हो गई है। अकेले जौनपुर जंक्शन पर 22 अप्रैल से 10 मई तक यानी 19 दिन में यात्रियों ने कुल 674 टिकट रद्द करा दिया है। इन टिकट पर कुल 1270 यात्रियों ने अपनी यात्रा कैंसिल कर दी है। रेलवे ने इनके 9.62 लाख रुपये लौटा दिए है। इसमें 60 फीसदी यात्री जम्मू और पंजाब जाने वाले थे। जौनपुर जंक्शन से प्रतिदिन 36 जोड़ी ट्रेनों का आवागमन होता है। प्रतिदिन करीब चार पांच हजार यात्रियों का आवागमन होता है। पहलगाम में हुए आंतकी हमले के बाद भारत पाकिस्तान के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। इससे लोग जम्मू, पंजाब, राजस्थान वैष्णो देवी तक जाने के लिए कतराने लगे हैं। 22 अप्रैल से 10 मई तक यानी 19 दिन में जौनपुर जंक्शन पर यात्रियों ने 674 टिकट रद्द करा दिया है। इन टिकट पर कुल 1270 यात्रियों ने अपनी यात्रा कैंसिल कर दिया है। जौनपुर जंक्शन पर टिकट वापस कराने पहुंचे यात्री बक्शा निवासी रामफेर मौर्या ने बताया है बेगमपुरा ट्रेन से पठान कोट जाना था परिवार वालों ने दोनों देशों के बीच तनाव को देखते हुए मना कर दिया है। बदलापुर निवासी पंकज सिंह ने बताया कि जालंधर जाने के लिए टिकट लेने के लिए स्टेशन पर आया था, लेकिन वहां अभी जाने की इच्छा नहीं हो रही है जिससे टिकट नहीं लिया। जौनपुर जंक्शन आरक्षण प्रभारी सुनील मिश्रा ने बताया कि जौनपुर से होकर गुजरने वाली बेगमपुरा एक्सप्रेस, शियालदह एक्सप्रेस, हिमगिरी एक्सप्रेस, गाजीपुर कटरा एक्सप्रेस के करीब 60 फीसदी यात्रियों ने अपने टिकट रद्द करा दिए हैं।