जौनपुर। जनपद न्यायाधीश अनिल कुमार वर्मा प्रथम की अध्यक्षता में शनिवार को जनपद न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न न्यायालयों में लंबित 4 हजार 917 व राजस्व न्यायालयों व प्रशासन के अन्य विभागों में कुल 44 हजार 306 मामले निस्तारित हुए। इसमें समझौता राशि 11.79 करोड़ जमा कराए गए। जनपद न्यायाधीश अनिल कुमार वर्मा ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर लोक अदालत का शुभारंभ किया गया। उनके द्वारा अधिक मामलों के निस्तारण के लिए संबंधित को प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय रीता कौशिक, नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत रणजीत कुमार, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश तृतीय प्रशांत कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
फरार अभियुक्त के घर कुर्की का नोटिस चस्पा-तेजीबाजार। थाना क्षेत्र के चोरहा गांव में शनिवार को क्राइम ब्रांच एवं थाना पुलिस ने हत्या के मामले में फरार अभियुक्त के घर कुर्की का नोटिस चस्पा किया है। क्राइम ब्रांच निरीक्षक रमेश यादव एवं उपनिरीक्षक राजेश कुमार ने दो गवाहों के समक्ष घर पहुंच कर दीवार पर नोटिस लगाया है। अपनी चाची की हत्या में शैलेश निषाद एवं बृजभान निषाद वांछित हैं। दोनों फरार चल रहे हैं। थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर कार्रवाई की गई है। अभियुक्तों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम जुटी है।