मल्हनी। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध बीपीएड महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए मंगलवार से शारीरिक दक्षता परीक्षा शुरू हो गई। एकलव्य स्टेडियम में आयोजित परीक्षा में अभ्यर्थी शामिल हुए। परीक्षा में दौड़, गति, सहनशक्ति, फुर्ती और शारीरिक संतुलन की परीक्षा ली गई। खास बात यह रही कि जौनपुर के एक और गाजीपुर के सात महाविद्यालयों की करीब 600 सीटों के लिए अब तक महज 275 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। सुबह से ही एकलव्य स्टेडियम में अभ्यर्थियों की चहल-पहल रही। निर्धारित प्रक्रिया के तहत पहले आवेदन और जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई। इसके बाद अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा कराई गई। खेल विभाग के शिक्षकों और प्रशिक्षकों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अभ्यर्थियों की शारीरिक क्षमता और खेल दक्षता परखी। परीक्षा का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। विश्वविद्यालय से संबद्ध दोनों जिलों के आठ महाविद्यालयों में बीपीएड की करीब 600 सीटों पर प्रवेश होना है। आवेदन की तुलना में सीटों की संख्या ज्यादा होने से इस बार सभी अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश की राह आसान रहने की संभावना है। हालांकि, अंतिम प्रवेश अभ्यर्थियों के प्रदर्शन और निर्धारित प्रक्रिया के आधार पर होगा। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों की अंतिम संख्या प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी। परीक्षा के दौरान खेल सचिव प्रो. शेखर सिंह, खेल सहायक रजनीश सिंह, डॉ. राजेश सिंह, सैयद इमाम रिजवी, डॉ. पुनीत सिंह, सत्येंद्र सिंह समेत व प्रशिक्षक मौजूद रहे।