बदलापुर। स्वास्थ्य महकमा और नगर पंचायत के तमाम प्रयासों के बावजूद डेंगू का संक्रमण नहीं थम रहा है। इलाके में किए जा रहे तमाम उपाय के बावजूद मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को भी जांच में 19 संदिग्ध मरीज मिले। उधर, मंडलीय टीम ने पहुंचकर विभिन्न स्थानों पर जांच कराई तो 28 स्थानों पर लार्वा पाया गया।
डेंगू के मरीजों के इलाज और सहयोग के लिए सीएचसी बरसठी के अधीक्षक डॉ. अजय कुमार सिंह को भी बदलापुर में तैनात किया गया। स्थानीय स्वास्थ्य कर्मियों के अनुसार सीएचसी में शुक्रवार को 61 लोगों की जांच लैब टेक्नीशियन आशीष मोदनवाल के नेतृत्व में की गई। इसमें 19 लोग डेंगू संभावित मरीज पाए गए। इसमें रमेश मिश्रा (44), सचिन शर्मा (24), सूरज निगम (20), हर्ष विश्वकर्मा (20) , वंदना मोदनवाल (18), सलोनी (15), मनीष सिंह (34), रियाज अहमद (25), सलोनी निगम (20), चंपा देवी (65), विवेक यादव(25) , शीला(28), आशा देवी (52), विकास मौर्या (20), प्रियांशू शुक्ल(19), प्रदीप मिश्रा(25), आशा मिश्रा(38), अंकिता सिंह(25), नागेंद्र प्रजापति(42) जांच में डेंगू संक्रमित पाए गए। मलेरिया, फाइलेरिया विभाग की टीमें जहां लगातार कैंप कर रही हैं वहीं नगरपंचायत के ईओ अनिल कुमार सिंह साफ सफाई, फागिंग करा रहे हैं।