कोंच। ओवर फ्लो हो रहे सीवर के चैंबरों ने पूरे नगर के बाशिंदों को परेशानी में डाल दिया है। सड़कों पर निकलने वालों के लिए मुसीबत बने ओवरफ्लो चैंबरों की सफाई कराने से जब सरकारी महकमे ने अपने हाथ खड़े कर दिए तो लोग चंदा कर चैंबर साफ कराने को विवश हो गए हैं।
चंदकुआ से मुख्य बाजार को जाने वाले रास्ते में सड़क पर ओवरफ्लो हुए सीवर के चैंबरों से गंदगी फैली हुई है। गंदगी से निजात पाने के लिए इलाकाई लोगों ने कई बार पालिका और जल संस्थान के अफसरों को शिकायती पत्र भी दिया, पर कोई कार्रवाई होते न देख शुक्रवार को लोगों ने आपस में चंदा कर चैंबरों को साफ कराया। रवि गोयल, लकी मित्तल, शीलू उदैनिया, प्रभंजन गर्ग, पप्पू कश्यप, लक्ष्मण यादव, नीलू यादव और किक्की अग्रवाल आदि ने बताया कि सुनवाई न होने पर मजबूरन उन्हें ही अपने जेब खर्च से सफाई करानी पड़ रही है। पालिका ने जेटिंग मशीन जरूर उपलब्ध करा दी थी।