उरई। रबी की बुआई में सिंचाई के लिए अब किसानों को परेशान नहीं होना पड़ेगा। इस बार जिला प्रशासन एक अक्टूबर से नहरों का संचालन करेगा। यह सुनकर किसानों के चेहरे खिल उठे। विकास भवन सभागार में सिंचाई बंधु की बैठक उपाध्यक्ष महेश पांडे की अध्यक्षता में व मुख्य विकास अधिकारी अभय कुमार श्रीवास्तव की मौजूदगी में हुई। बैठक में नहरों की साफ सफाई का मुद्दा भी उठाया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए सीडीओ ने कहा कि जिले के सभी ब्लाकों के किसानों को सिंचाई का पानी पर्याप्त मात्रा में मिल सके इसके लिए एक अक्टूबर से नहरों का संचालन किया जाएगा। नहरों के संचालन में किसी तरह की कोई परेशानी न हो सके। उन्होंने कहा कि नहरों की साफ- सफाई के साथ-साथ अनावश्यक कट भी बंद कराए जाएं। उन्होंने कहा कि किसानों की अन्य प्रकार की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि चोरी हुए ट्रांसफॉर्मर की एफआई बिजली विभाग के अधिकारी कराए। जिससे किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े। उन्होंने कहा कि किसानों की मांग के अनुसार नलकूप की आपूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि खाद व बीज किसानों को समय से उपलब्ध हो। इसमें किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारी को कहा कि किसानों के बिल में काफी गड़बड़ी आती है, इसका तुरंत निराकरण किया जाए। इस अवसर पर अधिशासी जीबी पांडे, अभियंता सिंचाई, उप कृषि निदेशक आरके तिवारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी जीवन सिंह, कृषि अधिकारी गौरव यादव सहित किसान व संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।