फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Jalaun News ›   Rain becomes a disaster, 67 villages surrounded by water, normal life disrupted

Jalaun News: बारिश बनी आफत, 67 गांव पानी से घिरे, जनजीवन अस्त-व्यस्त

Sat, 14 Sep 2024 03:15 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, जालौन
संवाद न्यूज एजेंसी, जालौन Updated Sat, 14 Sep 2024 03:15 AM IST
विज्ञापन
Rain becomes a disaster, 67 villages surrounded by water, normal life disrupted
उरई। बारिश के बाद शहर में भी जलभराव की समस्या दिखी। शुक्रवार को बारिश तो नहीं हुई पर 48 घंटे हुई बारिश का प्रकोप साफ देखने को मिला। इसके अलावा महावीरपुरा, ग्राम व्यासपुरा व पिया निरंजनपुर में बने रपटों के ऊपर से पानी बहने से हजारों ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया है। मुहाना बेतवा का जलस्तर खतरे के निशान पर पहुंचने के बाद घटने से लोगों ने राहत की सांस ली। जिससे बाढ़ का खतरा फिलहाल टल गया है।
विज्ञापन

बेतवा का जलस्तर चार बजे तक 119 मीटर पहुंच गया था, जबकि खतरे का निशान 122 मीटर पर है। कोंच क्षेत्र के आठ गांव, माधौगढ़ क्षेत्र के तीन गांव, रामपुरा क्षेत्र के 20 गांव व कालपी क्षेत्र के 36 गांव बाढ़ प्रभावित है। शुक्रवार को बारिश न होने से राहत रही लेकिन बांधों का पानी आने से बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है।
विज्ञापन

शहर के मोहल्ला इंदिरानगर, तुफैलपुरवा, नया पटेलनगर, सुशीलनगर सहित एक दर्जन मोहल्ला में जलभराव की समस्या बढ़ गई है। नालियों से पानी का निकास नहीं होने से पानी सड़क पर बह रहा है। कदौरा में भी जलभराव की समस्या से लोग जूझ रहे हैं। महावीरपुरा में रपटा के ऊपर से पानी बह रहा है। जिससे लोगों का आवागमन पूरी तरह से ठप है। वहीं, तहसील क्षेत्र के ग्राम व्यासपुरा से निकली नून नदी से गांव का रपटा पूरी तरह डूब गया। पानी गांव की और बढ़ने लगा। रपटा डूबने से गांव का आवागमन भी ठप है। वहीं, पिया निरंजनपुर में भी चार दिन से रपटे के ऊपर से पानी बह रहा है। ग्रामीण कई किमी दूर से आवागमन कर रहे हैं। रपटा पर पानी लगातार बढ़ रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

सिरसाकलार संवाद के अनुसार, क्षेत्र में हो रही लगातार बारिश के चलते छानी, अहीर, पिपरी, तरसौर, पुरवा, जयसिंहपुर, जुगियापुर गांव में पानी घरों में भरा है। दो से तीन मीटर ऊपर पानी गांव में भरा हुआ है। जिससे ग्रामीणों की गृहस्थी डूब गई है। ग्राम प्रधान छानी बालेश तिवारी ने बताया कि उनकी न्याय पंचायत के तीनों गांवों में बाढ़ जैसे हालात हैं। लोगों को काफी परेशानी हो रही है। रामानंद, संतोष, अशरफीलाल, रामशंकर कुशवाहा, गुड्डू मिश्रा, मेहरबान सिंह, नंदलाल कुशवाहा ने बताया कि जलनिकासी न होने से पानी घरों में भर गया है। दो दिन से गांव में बिजली भी नहीं आई है।
पहाड़गांव संवाद के अनुसार, बारिश से भैपता नरी रोड की लगभग सात सौ मीटर सड़क पानी में डूबी है। जिससे गांव का संपर्क टूट गया है। लोग जान-जोखिम में डालकर निकल रहे हैं। ग्रामीण हरज्ञान पाल, संदीप तिवारी, राघवेंद्र मुखिया, शिवराज, पवन दुबे, राधे महाराज, चेतराम पाल, परशुराम पाल, दुर्गा पाल ने बताया कि प्रशासन नहीं पहुंचने से मजबूरन लोग जान जोखिम में डालकर निकर रहे हैं।
खतरे के निशान से एक मीटर दूर यमुना, कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात
कालपी। तीन दिनों से लगातार यमुना का जलस्तर बढ़ रहा है। कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात हैं तो कुछ गांवों का संपर्क टूट गया है। शुक्रवार शाम चार बजे तक यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से एक मीटर नीचे बह रहा था। खतरे का निशान 108 मीटर है। केंद्रीय जल आयोग के प्रभारी रुपेश कुमार ने बताया कि ऊपरी हिस्से के आसपास क्षेत्र में भारी बारिश के कारण यमुना का जलस्तर तीव्र गति से बढ़ रहा है। चंबल के कोटा बैराज बांध से कुछ पानी छोड़ा गया है। इसलिए लगातार जल स्तर बढ़ रहा है। सुबह तक यमुना का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर सकता है। एसडीएम सुशील कुमार सिंह, तहसीलदार अभिनव कुमार तिवारी ने बताया कि यमुना के तटवर्ती क्षेत्रों में क्षेत्रीय नाविकों को सतर्क कर दिया है। अगर पानी और बढ़ता है तो क्षेत्र के ग्राम देवकली, किरतपुर, मैनपुर, गुढा खास, शेखपुरा गुढा, हीरापुर, मंगरौल, पिपरौंधा, सिकरी गांव के संपर्क सड़कों से कट जाएंगे। (संवाद)
नदियों का बढ़ता जा रहा जलस्तर
रामपुरा। रामपुरा क्षेत्र में बहने वाली पहूज नदी व सिंध नदी का जलस्तर निरंतर बढ़ता जा रहा है। पहूज नदी के निकट बसे गांव बुढेरा, मुहब्बतपुरा, कूसेपुरा, किशनपुरा, निनावली जागीर, नरौल तथा सिद्धपुरा संपर्क मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया है। ग्रामीण चिंतित हैं कि अगर पानी और बढ़ा तो पहूज नदी का पानी गांव में बाढ़ ला देगा। वहीं, सिंध नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए ग्रामीण राकेश, वीरेंद्र, अरविंद, गुड्डा ने बताया कि नदी का पानी तेजी से बढ़ रहा हैं। शुक्रवार को नदियों का जलस्तर बढ़ने से बिल्हौड़, जखैता, डिकौली जागीर, मिर्जापुरा जागीर, रिठौरा, भेलवली, सुंदरपुरा आदि गांवों से संपर्क टूट चुका है। जगम्मनपुर के पास पंचनद पर भी निरंतर पांचों नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी हो रही हैं। एसडीएम माधौगढ़ सुरेश कुमार के निर्देश पर तहसील के अधिकारियों ने नदियों के बढ़ते जलस्तर का जायजा लिया। (संवाद)
जलनिकासी न होने से लगाया जाम, नारेबाजी
माधौगढ़। जलनिकासी न होने से परेशान केलोर के ग्रामीणों ने माधौगढ़ -बंगरा रोड पर जाम लगा दिया। एक घंटे तक शासन प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। मंगलवार रात से हो रही बारिश से लोगों को परेशानी में डाल दिया है। कैलोर के ग्रामीणों का कहना हैं कि सुल्तानपुरा, निचावडी़, अटागांव, कुरौती सहित आसपास के क्षेत्र का पानी आ रहा है। कई मर्तबा शिकायत के बाद भी कोई सुनने वाला नहीं है। जिससे नाराज एक सैकड़ा ग्रामीणों ने माधौगढ़ -बंगरा रोड पर कैलोर के पास जाम लगाकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना पाकर पहुंचे नायब तहसीलदार भुवनेंद्र कुमार, कोतवाल पप्पू सिंह यादव ने शीघ्र जलनिकासी को लेकर व्यवस्था करने का आश्वासन दिया। (संवाद)
150 कच्चे घर व गृहस्थी डूबी, मवेशी लापता
कोंच। पहूज नदी का लगातार पानी बढ़ रहा है। नदीगांव विकास खंड के सलैया बुजुर्ग गांव में तबाही मचाने के बाद पुराने मऊ में भी तबाही देखने को मिल रही। गांव में करीब 150 घर व गृहस्थी डूबे गई। तमाम घर जमींदोज हो गए हैं।

मऊ गांव में गुरुवार सुबह 11 बजे अचानक बाढ़ का पानी बढ़ना शुरू हो गया था। रात 10:30 बजे ऊंचाई वाले स्थान को छोड़कर समूचा गांव जलमग्न हो गया। रात के अंधेरे में लोग एक-दूसरे को बचाने में जुटे रहे। लोगों ने एक दूसरे के घरों की कच्ची दीवारें तोड़कर घरों के अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू किया। एक दर्जन से अधिक कच्चे घर भरभराकर गिर गए। सैकड़ों जानवरों का कोई पता नहीं है। घरों के अंदर गृहस्थी का सामान बर्बाद हो गया। शुक्रवार सुबह बाढ़ के पानी में फंसे लोगों को सामान सहित निकालने के लिए प्रशासन ने कालपी से मंगाई गईं दो नावों तथा दो मोटर चालित बोट लगाई हैं। सूचना पर पहुंचे डीएम राजेश कुमार पांडेय, एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार, एडीएम संजय कुमार ने गांव के हालात देखकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाए जाने के निर्देश दिए। ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने को कहा। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed