जालौन। अयोध्या प्रकरण को लेकर आने वाले फैसले के मद्देनजर क्षेत्र में गश्त बढ़ा दें। ऐसे व्यक्तियों को चिह्नित करें जो इस विवाद से फायदा उठाकर शांतिभंग की कोशिश कर सकते हैं। ऐसे व्यक्तियों पर कड़ी नजर बनाए रखें ताकि क्षेत्र में अराजकता का माहौल न बन सकें। दोनों समुदायों के धर्मगुरुओं से संपर्क बनाकर हालात पर नजर बनाए रखें। यह निर्देश एएसपी अवधेश सिंह ने कोतवाली में अर्दली रूम के दौरान अधीनस्थों को दिए।
एएसपी ने मंगलवार को कोतवाली में अर्दली रूम किया। इस दौरान अधीनस्थों के साथ बैठक में कहा कि जल्द ही अयोध्या विवाद को लेकर फैसला आने वाला है। ऐसी स्थिति में क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के साथ ही ऐसे व्यक्तियों को भी चिह्नित करें जो इस विवाद का फायदा उठाकर शांतिभंग की कोशिश कर सकते हैं। आसपास स्थित अस्पतालों की लिस्ट बनाकर रखें। पुलिस मित्र एवं डिजिटल वालंटियरों से भी क्षेत्र की गतिविधियों के बारे में जानकारी लेते रहें। इस दौरान एसआई स्वामीनाथ पांडेय, सफीक अहमद, वीरेंद्र तिवारी, गंगासागर, त्रिलोकीनाथ मिश्रा, शाहजहां, हेड मुहर्रिर शेरसिंह तोमर, अमित कुमार, महिला कांस्टेबल विनीता देवी, अर्चना त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।