जालौन: जन्माष्टमी की रात बुजुर्ग दंपती को बंधक बनाकर लूट, नाक की कील-पायल तक उतार ले गए बदमाश
Orai News: जन्माष्टमी की रात कोंच कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिमिरिया में चार नकाबपोश बदमाशों ने रिटायर रेलवे कर्मचारी के घर धावा बोलकर बुजुर्ग दंपती को बंधक बना लिया। बदमाशों ने दोनों के साथ मारपीट की और मुंह में कपड़ा ठूंसकर हाथ-पैर बांध दिए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इसके बाद घर में रखे सोने-चांदी के जेवर और नगदी लूटकर फरार हो गए। बदमाश बुजुर्ग महिला के नाक से सोने की कील और पैरों से चांदी की पायल तक उतार ले गए। वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है।ग्राम सिमिरिया निवासी रघुवीर अहिरवार रेलवे से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। उनके दो बेटे परिवार के साथ उरई में रहते हैं, जबकि रघुवीर अपनी पत्नी के साथ गांव में रहते हैं।
जन्माष्टमी की रात दोनों अलग-अलग कमरों में सो रहे थे। देर रात रघुवीर लघुशंका के लिए घर का दरवाजा खोलकर बाहर निकले। वापस लौटकर दरवाजा बंद करने लगे, तभी चार नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर दबोच लिया और जबरन घर के अंदर घुस गए।
रघुवीर के मुताबिक, बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और मुंह में कपड़ा ठूंसकर हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद बदमाश उनकी पत्नी के कमरे में पहुंचे और उन्हें भी बंधक बना लिया। महिला के हाथ-पैर बांधने के बाद बदमाशों ने उनके नाक से सोने की कील और पैरों से चांदी की पायल उतार ली।
ताला तोड़कर खंगाले बक्से
इसके बाद बदमाशों ने घर के एक कमरे का ताला तोड़कर अंदर रखे बक्सों को खंगाला। उनमें रखे सोने-चांदी के जेवर और नगदी समेट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश दंपती को धमकी देते हुए फरार हो गए। बदमाशों ने घटना के बारे में किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।
सुबह चचेरे भाइयों को दी जानकारी
बदमाशों के जाने के बाद किसी तरह बुजुर्ग दंपती ने अपने हाथ-पैर खोले। सुबह उन्होंने चचेरे भाइयों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ उनके घर पहुंच गई। इसके बाद कोंच कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बुजुर्ग दंपती से घटना की जानकारी ली और जांच शुरू कर दी। पुलिस बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस घटना के खुलासे के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। बुजुर्ग दंपती के घर हुई लूट से ग्रामीणों में भय और आक्रोश है।