उरई (जालौन)। पिछले एक सप्ताह से मौसम के अचानक बढ़ने से तेज गर्मी से लोगों संग किसान भी परेशान हैं। 20 फरवरी से गर्मी अत्यधिक बढ़ने लगी। अभी से ही घरों में कूलर, पंखे एसी चलने लगे है। तेज धूप से लोगों के पसीने छूट रहे है। जिला अस्पताल की ओपीडी में आम दिनों में 700 से 800 मरीज प्रतिदिन पहुंचते थे, लेकिन पिछले कुछ दिनों से ओपीडी में लगभग एक हजार से 1200 मरीज प्रतिदिन पहुंच रहे हैं।
जिला अस्पताल के डा. तारा शहजानंद का कहना है कि जब भी मौसम बदलता है, संचारी रोग बढ़ते है। मच्छर पनपने से मच्छरों से होने वाली बीमारियां भी बढ़ने की संभावना है। इसके अलावा सर्दी, जुकाम, बुखार आदि बीमारियां भी बढ़ रही है। वहीं कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष कृषि वैज्ञानिक डॉ. राजीव कुमार सिंह का कहना है कि फरवरी माह में ही औसत तापमान छह से आठ डिग्री बढ़ा हुआ है। इसका गेहूं, मटर, चना, मसूर, लाही जैसी फसलों पर सीधा असर पड़ रहा है। (संवाद)