{"_id":"58bef6f14f1c1b6d43dc5a0b","slug":"shipment-of-millions-goods","type":"story","status":"publish","title_hn":"लाखों का माल समेटा","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
लाखों का माल समेटा
अमर उजाला/उरई
Updated Tue, 07 Mar 2017 11:37 PM IST
विज्ञापन
चोरी के बाद बिखरा सामान।
- फोटो : अमर उजाला
मुहम्मदाबाद (जालौन) । डकोर थाना क्षेत्र के कस्बे में चोरों ने सोमवार की देर रात आधा दर्जन घरों को निशाना बना लाखों की जेवर नगदी पार कर दी है। मंगलवार की सुबह जब लोगों की आंख खुली तो अलमारियां खाली देख उनके होश उड़ गए। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पीड़ितों का कहना है कि चोरों ने सोते वक्त उन पर नशीला स्प्रे छिड़का, जिसकी वजह से उन्हें घटना की जानकारी नहीं हो सकी। वहीं घटना को लेकर इलाकाई लोगों में पुलिस के खिलाफ रोष है। लोगों का कहना है कि पुलिस गश्त नहीं करती है। इससे चोरियां थम नहीं रही हैं। थानाध्यक्ष का कहना है कि पीड़ितों से तहरीर लेकर चोरों की तलाश की जा रही है।
विज्ञापन
सोमवार की देर रात चोरों ने सबसे पहले कस्बा डकोर निवासी सुशील पुत्र लालाराम के घर को निशाना बनाया। चोरों ने सुशील के घर वालों पर नशीला स्प्रे छिड़का और अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखेे 15 हजार रुपये नगद व दो जोड़ी पायल, एक जोड़ी सोने की झुमकी, सात चांदी के सिक्के पार कर दिए। सुबह जब घरवाले देर से सो कर उठे तो उनके सिर भी भारी थे। सामान बिखरा देख शोरशराबा करने पर पास पड़ोस के लोग एकत्र हो गए। इसी तरह चोरों ने पड़ोस में रहने वाले शमशाद पुत्र सरदार के घर से चोरों ने 10 हजार रुपये नगद व दो जोड़ी पायलें, मंगलसूत्र एवं झुमकी चोरी की। रसपाक पुत्र सरदार के घर से 14 हजार रुपये नगद व इसके अलावा सोने का मंगलसूत्र एक जोड़ी झुमकी, बेसर, तीन जोड़ी पायलें पार कर दी। चोरों ने इसी कस्बे के रहने वाले पप्पू पांचाल पुत्र शोभालाल के घर में रखे 12 हजार रुपये नगद एवं सोने की अंगूठी, झुमकी तथा एक जोड़ी पायलें चोरी कर ली। कस्बा डकोर के ही निवासी रफीक पुत्र इस्लाम के घर से चोरों ने 10 हजार रुपये नगद एवं एक जोड़ी पायलें, झुमकी व मंगलसूत्र चोरी कर लिया है। अजीम खां पुत्र नसरुद्दीन के घर से 1 लाख, 30 हजार नगद एवं सोने की झुमकी, टॉप्स, बेसर, पायल, मंगलसूत्र तथा दो अंगूठी चोरी की। नसरुद्दीन के घरवालों ने भी नशीला पदार्थ छिड़के जाने की आशंका जताई है।
विज्ञापन