उरई। हाथरस की बेटी के गुनहगारों को फांसी देने की मांग को लेकर वाल्मीकि समाज सड़क पर उतर आया। नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों और समाज के लोगों ने वाल्मीकि समाज के जिलाध्यक्ष और सपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष जीवन वाल्मीकि के नेतृत्व में नारेबाजी की। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
गुरुवार को नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों और वाल्मीकि समाज के लोगों ने सफाई व्यवस्था बंद कर सड़कों पर उतरकर गुनहगारों को फांसी देने की मांग की। झाड़ू हाथों में लेकर टाउन हॉल तिराहे पर स्थित झलकारीबाई प्रतिमा से नारेबाजी करते हुए गांधी चबूतरा तक जुलूस निकाला। विरोध प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को देकर पुलिस की अमानवीयता की सीबीआई जांच कराने की मांग की। कहा कि पीड़ित परिवार को सरकार एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दे। हाथरस के डीएम और एसपी को निलंबित किया जाए। जुलूस में राजदीप, उमेश वाल्मीकि, सत्यप्रकाश, नीरज पॉल, विशाल, अनूप, अजय बच्चन, संतोष, आकाश खरे, संजय, सानू मच्चल, सुखलाल, शनि, दीपक, सोमदत्त, प्रमोद, राजेश, दिलीप, अमित, रमेश, सुनीता, अनीता, मीना, सीमा आदि रहे।